मंडी -समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से मण्डी जिला के स्कूलों के व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत पर्यटन एवं आतिथ्य (टूरिज्म एवम् हॉस्पिटैलिटी )के 155 विद्यार्थी 29 जनवरी से 31 जनवरी तथा आई टी-आई टी ई एस के 136 विद्यार्थी तीन फ़रवरी से पाँच फ़रवरी के मध्य चण्डीगढ़ में तीन दिवसीय संबंधित ट्रेड के औद्योगिक संस्थानों में ऑन जॉब ट्रेनिंग में हिस्सा लेंगे ।यह जानकारी डाइट प्रधानाचार्य डॉ . दिनेश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को व्यावसायिक शिक्षा के प्रति जागरूक करना है जिससे वे भविष्य में अपने व्यावसायिक करियर का चयन कर सकें ।यह प्रशिक्षण व्यावसायिक शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होगा ।इससे विद्यार्थियों को अपने कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा । उन्होंने बताया इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को संबंधित ट्रेड के बारे में वास्तविक जानकारी दी जाएगी तथा औद्योगिक प्रशिक्षण के बारे में अवगत करवाया जाएगा जिससे बच्चों में अकादमिक की अपेक्षा व्यावसायिक एवं तकनीकी करियर को अपनाने की सोच जागृत होगी ।इस ट्रेनिंग प्रोग्रामके अंतर्गत टूरिज़म एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े विद्यार्थियों को होटल उद्योग के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा ।इसमें विद्यार्थियों को फ्रंट ऑफिस ,हाउसकीपिंग फ़ूड एवं बेवरेज सहित होटल प्रबंधन से जुड़े अन्य आवश्यक क्षेत्रों की जानकारी दी जाएगी । आई टी आई टी ई एस सेक्टर के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ,पाइथन ,सॉफ्टवेर डेवलपमेंट जैसी आधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा ।इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल विकसित करने और उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलेगा। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी के प्रधानाचार्या श्रीमती जयश्री कपूर ने व्यावसायिक प्रशिक्षण में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को ऑन जॉब ट्रेनिंग के लिए शुभकामनाएँ दी तथा विद्यार्थियों को यह सन्देश दिया कि वे भविष्य में जवाब सीकर नहीं अपितु जॉब प्रोवाईडर बनें ।
