मंडी-Ministry of AYUSH (भारत सरकार) एवं एकल योग आरोग्य योजना के सहयोग से आयोजित “Yoga & Traditional Medicine Training Programme 2026” का शुभारंभ शुक्रवार को प्रातः ऑनलाइन माध्यम Zoom पर हुआ। इस अवसर पर प्रदेश एवं देश के विभिन्न भागों से बड़ी संख्या में योग साधकों, शिक्षाविदों, युवाओं एवं महिलाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए प्रोफेसर अनुपमा सिंह, पूर्व कुलपति, सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अनुशासन और आत्मिक संतुलन का आधार है। उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग और पारंपरिक चिकित्सा स्वस्थ समाज निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि यदि भारत का युवा योग, संस्कार और सकारात्मक सोच से जुड़ जाए, तो भारत पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक स्वस्थ और जागरूक महिला पूरे परिवार एवं समाज को नई दिशा देती है।
प्रो. अनुपमा सिंह ने “राष्ट्र प्रथम” की भावना पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ, अनुशासित एवं संस्कारित नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध योग गुरु डॉ. राम अवतार जी ने भी योग एवं आयुर्वेद के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन समन्वयकों डॉ. सोनम शर्मा एवं सुश्री कमलेश कुमारी द्वारा किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक ऑनलाइन आयोजित किया जा रहा है।
