मंडी -हिमाचल प्रदेश में हवाई सफर अब पहले से ज्यादा आसान और किफायती होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से हेरिटेज एविएशन की हेली टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह सेवा प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देगी और एक मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को हवाई सेवा से जोड़ना है। कई जिलों में हेलिपैड निर्माण का कार्य चल रहा है, जिनमें चंबा भी शामिल है। जहां हेलीपोर्ट का निर्माण अंतिम चरण में है, वहां भी जल्द सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने इस नई सेवा के लिए मंडी के लोगों को बधाई भी दी।

उपायुक्त मंडी ने बताया कि हेली टैक्सी सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और प्रतिदिन दो उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और घंटों का सफर अब कुछ ही समय में पूरा हो सकेगा।
कांग्रेस नेता पवन ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और व्यवस्था परिवर्तन के तहत भविष्य में इस सेवा का विस्तार उपमंडलों तक भी किया जाएगा।
वहीं पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब हेली टैक्सी सेवा का लाभ आम जनता को भी मिलेगा और प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी का दायरा लगातार बढ़ेगा।

