भाजपा के मेयर-डिप्टी मेयर्स को शपथ न दिलाना व्यवस्था परिवर्तन का नमूना: अनिल शर्मा
बोले, देयोरी स्कूल का उदघाटन करने से मंत्री को रोकना कौल सिंह की फजीहत
मंडी-सदर के विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के चलते भाजपा के जीते हुए नगर निगमों में मेयर और डिप्टी मेयर को शपथ दिलाने की नोटिफिकेशन में देरी की जा रही है। जिसके चलते जीतने के बावजूद भी मेयर-डिप्टी मेयर अपना कार्यभार संभाल नहीं पा रहे हैं। शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की माली हालत ठीक न होने की वजह से विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंडी में नगर निगम भाजपा का बहुमत है और पूर्व में भी भाजपा की ही नगर निगम रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व नगर निगम ने बहुत से विकास कार्य करवाए हैं, लेकिन बजट की कमी की वजह से कई देनदारियां अभी भी देनी है। हालांकि, नगर निगम अपने आपमें एक स्वायत संस्था है। लेकिन स्थानीय विधायक होने के नाते नगर निगम के लिए बजअ उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी भी उनकी है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम से पहले ही अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मंडी पेयजल संवर्धन योजना उहल को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। जिसके लिए तीन वैकल्पिक स्रोत से जोड़ा गया है। इस बार बरसात के मौसम में मंडी शहर के लिए पानी की किल्लत नहीं होगी। उसी प्रकार मंडी शहर को विद्युत आपूर्ति के लिए तीन जगहों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जागिंद्रनगर-बिजणी और पंडोह से पहले ही मंडी शहर के लिए बिजली की आपूर्ति की जा रही है। अब इसे धर्मपुर से भी जोड़ा जाएगा। जिससे मंडी शहर के लिए निर्वाध रूप से बिजली की आपूर्ति होती रहे। अनिल शर्मा ने कहा कि यह व्यवस्था परिवर्तन को दौर है, जिसमें शिक्षामंत्री को पाठशाला के उदघाटन करने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि मंत्री रहते हुए उन्हें भी शिमला क्षेत्र में उदघाटन करने से रोका गया था। लेकिन में रूकने के बजाय उदघाटन करके वापस आया था। अनिल शर्मा ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र की देयोरी पाठशाला के उदघाटन को ऐन वक्त पर रोक दिए जाने को लेकर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर को आड़े हांथों लेते हुए कहा कि आप पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व में वरिष्ठ मंत्री रहे हैं आप उस समय मौके पर मौजूद रहने के बावजूद उदघाटन नहीं करवा पाए। यह तो इतने वरिष्ठ नेता की फजीहत है। उन्होंने हैरानी जताई कि कौल सिंह ठाकुर ने इस बारे में कुछ भी नहीं कहा। वहीं दूसरी ओर मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष की गाड़ी का फ्लैगरॉड लगाने को लेकर उन्होंने कहा कि न अनिल शर्मा के कभी फ्लेगरॉड होगी न स्कूटर होगा। हमारी जो पोजिशन उस हिसाब से चलते हैं। जब आप पोजिशन से ऊपर उड़ेंगे जनता अपने आप हिसाब लेगी। उन्होंने कहा कि मंडी नगर निगम के विकास के लिए तालमेल से ही पैसा लाया जा सकता है। मंडी कालेज पर अब तक चौतालीस करोड़ से जयादा खर्च हो चुका है। अभी भी इसे पूरा करने में साढ़े सात करोड़ रूपए की दरकार है। उसी प्रकार शहर की अन्य परियोजनाओं के लिए बजट का प्रावधान करवाया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम के नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा व पार्षद सरिता हांडा भी मौजूद रही।
