मंडी-नगर निगम मंडी द्वारा स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर अभियान के अंतर्गत 15 अप्रैल 2026 से मई 2026 तक “क्लीन मंडी ग्रीन मंडी” जन-जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुरूप घर-घर में कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण (Source Segregation) अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को अपने घरों में उत्पन्न होने वाले कचरे को चार श्रेणियों में अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया गया, जिसमें गीला कचरा (Wet Waste), सूखा कचरा (Dry Waste), सैनिटरी कचरा (Sanitary Waste) तथा विशेष देखभाल अपशिष्ट (Special Care Waste) शामिल हैं।
इस अभियान की विशेषता यह रही कि विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्वच्छता दूत (Swachhata Ambassadors) के रूप में जोड़कर स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण का संदेश घर-घर तक पहुँचाया गया। नगर निगम मंडी क्षेत्र के 32 विद्यालयों ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अभियान के दौरान 400 से अधिक जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर 15 अप्रैल 2026 को नगर निगम मंडी द्वारा तैयार किया गया स्वच्छता एंथम “मंडी है हमारी, दिल में इसका मान” का शुभारंभ माननीय शहरी विकास मंत्री द्वारा किया गया। इस गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म विशेषकर फेसबुक पर रील्स एवं वीडियो बनाकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। अभियान के अंतर्गत साझा किए गए इन वीडियो एवं रील्स को कुल मिलाकर 5 लाख से अधिक व्यूज़ प्राप्त हुए, जो नागरिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता का एक उल्लेखनीय उदाहरण है।
नगर निगम मंडी के लिए यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि इस अभियान के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। वर्तमान में लगभग 3000 से अधिक परिवार अपने घरों में चार प्रकार से कचरे का पृथक्करण कर नगर निगम को सौंप रहे हैं, जो स्वच्चद्र एवं टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अभियान के समापन अवसर पर आज नगर निगम मंडी में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में माननीय विधायक श्री अनिल शर्मा, श्री इंदर सिंह गांधी, नगर निगम के माननीय पार्षदगण, आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त तथा अन्य अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार पीएम श्री गर्ल्स मॉडल स्कूल, मंडी, द्वितीय पुरस्कार सेंट फ्रांसिस जेवियर्स कॉन्वेंट स्कूल, बगला तथा तृतीय पुरस्कार स्वामी विवेकानंद स्कूल, मंडी को प्रदान किया गया।
नगर निगम मंडी सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं नागरिकों का इस अभियान को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता है। भविष्य में भी स्वच्छ, हरित एवं सतत मंडी के निर्माण के लिए ऐसे जनभागीदारी आधारित जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
