मंडी-उपमंडल बल्ह के मुहाल-डडौर (225) के ग्रामीणों को अपनी ही भूमि संबंधी कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों की ठोकरें खानी पड़ रही हैं। गांव का पुराना राजस्व नक्शा (लट्ठा) क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र में भूमि सुधार और बंटवारे के कार्य लटक गए हैं। सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने उपायुक्त मंडी के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन भेजकर इस समस्या का स्थाई समाधान करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया है कि राजस्व विभाग के पास मौजूद नक्शा फटने के कारण कानूनगो और पटवारी मौके पर निशानदेही नहीं कर पा रहे हैं। पिछले कई महीनों से लोग तहसील और पटवार खाने के बीच चक्कर काट रहे हैं, लेकिन नक्शा उपलब्ध न होने का बहाना बनाकर काम रोक दिया गया है। इस मौके पर आलम राम (पूर्व पार्षद एवं पूर्व प्रधान), सुनील कुमार चौधरी (प्रधान, सुभाष चंद्र बोस युवक मंडल), देवी रूप (उपाध्यक्ष, हिमाचल किसान यूनियन) और पूर्व वार्ड सदस्य कृष्ण चंद तथा दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मांग की है कि नया लट्ठा बनाने के लिए तुरंत राजस्व कर्मियों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएं ताकि उनके जमीन संबंधी कार्यों का निपटारा हो सके।
