Oplus_16908288
मंडी- पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र में मंडी जिला के बाखली खड्ड (पंडोह) पर क्षतिग्रस्त झूला पुल के पुनर्निर्माण के लिए ₹78.99 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इस जन-कल्याणकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के विशेष सहयोग के लिए देवभूमि की जनता की ओर से आभार प्रकट किया है।
जयराम ठाकुर ने बताया कि हाल ही में उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर इस झूला पुल की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। हमारे निरंतर प्रयासों और केंद्र सरकार की संवेदनशीलता के फलस्वरूप अब BBMB (भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड) ने इसके पुनर्निर्माण को मंजूरी दे दी है।
जनता को मिलेगी जोखिम से मुक्ति
विदित रहे कि 29 जून को आई भीषण बाढ़ की चपेट में आने से यह महत्वपूर्ण झूला पुल बह गया था। पुल न होने के कारण बगलामुखी मंदिर संपर्क मार्ग से जुड़े हजारों स्थानीय निवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। वर्तमान में लोग नदी पर बनाए गए अस्थाई रास्ते से जान जोखिम में डालकर आर-पार जाने को मजबूर हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा, “यह पुल क्षेत्र की लाइफलाइन है। ₹78.99 लाख की इस राशि से पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को पुनः सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिलेगी।” उन्होंने दोहराया कि वे जन-हित के कार्यों के लिए सदैव संकल्पित हैं और क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे।
