मंडी-हिमाचल प्रदेश में सुहावने मौसम, वीकेंड और पर्यटन सीजन के चलते शनिवार को किरतपुर-मनाली फोरलेन और चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। बड़ी संख्या में पर्यटक कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति की ओर रवाना हुए, जिससे कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया और वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते रहे। इसी बीच पंडोह के कैंची मोड़ पर एक विशालकाय ट्राला फंस जाने से यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार, मंडी-कुल्लू (चंडीगढ़-मनाली) राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह के कैंची मोड़ के पास एक ओवरसाइज ट्राला तीखे मोड़ को पार नहीं कर सका और सड़क पर टेढ़ा होकर फंस गया। इसके चलते हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। मौके पर तैनात पुलिस ने एक दिशा का ट्रैफिक रोककर दूसरी दिशा के वाहनों को बारी-बारी से निकालना शुरू किया, ताकि सड़क पूरी तरह बंद न हो।
बाहरी राज्यों में गर्मी से राहत पाने और छुट्टियां बिताने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के कारण किरतपुर-मनाली फोरलेन पर भी कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंडी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण कुछ स्थानों पर ट्रैफिक का दबाव और जाम की स्थिति बन सकती है। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।
एसपी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें, अपनी निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं और दोहरी लाइन लगाकर जाम की स्थिति पैदा न करें। उन्होंने कहा कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक की ताजा जानकारी अवश्य लें तथा पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
