पंडोह/ मंडी- चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर पंडोह के समीप जागर पंचायत के पास फोरलेन सड़क पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्थानीय निवासी की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी जीवनलाल पुत्र कौल सिंह पंचायत घर में किसी कार्य से आया हुआ था। दोपहर के समय जब वह सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक टैंकर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीवनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर सड़क किनारे खड़ी एक बस से भी जा टकराया।घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अशोक पठानिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। वहीं, टैंकर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसकी पुष्टि चौकी प्रभारी अशोक पठानिया ने की।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक जीवनलाल अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गया है। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए फोरलेन निर्माण की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क का डिजाइन स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नहीं बनाया गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क के दूसरी ओर स्थित होटलों के सामने वाहनों की अवैध पार्किंग लगातार होती रहती है, लेकिन पुलिस और संबंधित विभाग इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं करते। उनका कहना है कि यदि समय रहते अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर सख्ती की जाती, तो शायद इस तरह की दुखद घटना टाली जा सकती थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसा संभावित इस स्थान पर तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएं, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई हो तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
