मंडी-देशभर में खो-खो खेल को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा पूरे देश में अस्मिता महिला खो-खो लीग करवाई जा रही हैं। यह लीग खेलो इंडिया अस्मिता खो-खो सिटी टुर्नामेंट के तहत होंगी, जिसकी टैग लाइन है-खेल से ही है पहचान। ये प्रतियोगिताएं हिमाचल प्रदेश के 3 शहरों मंडी जिला के सुंदरनगर, बिलासपुर जिला के जुखाला व सोलन जिला के सोलन में होंगी, जिसमें संबंधित जिला की 6 से 8 महिला टीमों की खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएगी।
सुंदरनगर व जुखाला में 12 सितंबर जबकि सोलन में 8 सितम्बर को प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा प्रतियोगिता करवाने का जिम्मा भारतीय खो-खो महासंघ को सौंपा है। भारतीय खो-खो महासंघ के संयुक्त सचिव एवं हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के महासचिव एल आर वर्मा ने बताया कि महिलाओं को खो-खो खेल में आगे लाने के लिए भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा देशभर के विभिन्न शहरों में अस्मिता खो-खो सिटी टुर्नामेंट करवाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के तहत हिमाचल प्रदेश के तीन शहरों सुंदरनगर, जुखाला व सोलन में लीग टुर्नामेंट करवाने के लिए स्थान मिलना बड़े गर्व की बात है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों से आग्रह किया है कि भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा संचालित प्रतिष्ठित अस्मिता खो-खो सिटी टुर्नामेंट में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर खो-खो खेल में दमखम दिखाएं।
