मंडी-वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में 10 नवंबर, 2026 को महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी एवं पूर्व एनसीसी कैडेट रहे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के वीर अधिकारी, अमर शहीद सहायक सेनानी सुरेंद्र पाल सिंह गुलेरिया का 26वां बलिदान दिवस अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय में संचालित एनसीसी वायु सेना विंग एवं आर्मी विंग द्वारा शहीद की स्मृति में विभिन्न देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य एवं एनसीसी वायु सेना विंग के फ्लाइट कमांडर, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह ने की।
कार्यक्रम के दौरान अमर शहीद सुरेंद्र पाल सिंह गुलेरिया के अदम्य साहस, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर शहीद की पत्नी वीर नारी बीना गुलेरिया को महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने संस्थान व भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल की तरफ से संयुक्त रूप से सम्मानित किया।
इस अवसर पर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने कहा- देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए हमारे वीर सैनिकों, शहीदों और क्रांतिकारियों ने सदैव सर्वोच्च बलिदान दिया है। शहीद सुरेंद्र पाल सिंह गुलेरिया का जीवन साहस, अनुशासन, राष्ट्रनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता का अनुपम उदाहरण है। उनका बलिदान न केवल वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी के लिए गौरव का विषय है, बल्कि समूचे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने कहा- महाविद्यालय के लिए विशेष गर्व की बात है कि शहीद सुरेंद्र पाल सिंह गुलेरिया इसी संस्थान के पूर्व विद्यार्थी एवं एनसीसी कैडेट रहे थे। उन्होंने विद्यार्थी जीवन में एनसीसी के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व, साहस एवं राष्ट्रसेवा के जो संस्कार अर्जित किए, उन्हें अपने सैन्य जीवन में पूर्ण निष्ठा के साथ चरितार्थ किया। उनका जीवन वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक आदर्श है।
फ्लाइंगऑफिसर डॉ चमन ने एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शहीद के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।
भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर जितेंद्र ठाकुर ने असिस्टेंट कमांडेंट शहीद सुरेंद्र पाल सिंह गुलेरिया की वीर गाथा कैडेटों के साथ सांझा की। असिस्टेंट कमांडेंट सुरेंद्र पाल गुलेरिया ने जम्मू कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान की भावना जागृत करना तथा उन्हें जिम्मेदार, जागरूक एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
अंत में अमर शहीद सहायक सेनानी सुरेंद्र पाल सिंह गुलेरिया को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर एनसीसी वायु सेना विंग मंडी के फ्लाइट कमांडर एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने महाविद्यालय में स्थापित एनसीसी यूनिटों की तरफ से शहीद सुरेंद्र कुमार गुलेरिया के स्मारक स्थल पर पुष्प चक्र भेंट किया।

इस अवसर पर सशस्त्र बल के अधिकारियों व जवानों ने रीथ सेरेमनी में भाग लेकर शहीद सुरेंद्र पाल गुलेरिया के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर शहिद के समान में 2 मिनट का मौन भी रखा गया।
इस अवसर पर शहीद की पत्नी श्रीमती बीना गुलेरिया, असिस्टेंट कमांडेंट एमएम शर्मा (सेवानिवृत), असिस्टेंट कमांडेंट अरुण शर्मा ( सेवानिवृत्त) , असिस्टेंट कमांडेंट अमर सिंह ( सेवानिवृत) , दीप कुमार, हवलदार रोशन लाल, आइटीबीपी के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर जितेंद्र ठाकुर, कांस्टेबल ऋषि कुमार, महाविद्यालय कार्यालय अधीक्षक कुशाल ठाकुर, सीनियर अंडर ऑफिसर मृदुल सिंह सहित एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया।
