मंडी- शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला मंडी ने जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा की अध्यक्षता में भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध मंडी शहर के बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर आपत्तिजनक एवं अभद्र शब्द लिखे जाने की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक, मंडी को शिकायत पत्र सौंपकर दोषियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में वैचारिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, किंतु किसी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के विरुद्ध सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास भी है। ऐसी घटनाएँ किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकतीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए, घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की शीघ्र पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भाजयुमो ने यह भी मांग की कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं आवश्यक कदम उठाए जाएँ, ताकि सार्वजनिक स्थलों की गरिमा एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला मंडी ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला पुलिस इस गंभीर प्रकरण में निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोषियों को कानून के अनुसार दंडित करेगी।
