मंडी-मंडी साक्षरता एवं जन विकास समिति के अध्यक्ष हेमंतराज वैद्य ने कहा कि सुक्ष्म बीमा योजना के तहत वर्ष 2026-27 का 5900 पॉलिसी का लक्ष्य रखा गया है। जिसके चलते 31 अक्तूबर 2026 तक 2523 पालिसियां शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मंडी साक्षरता एवं जनविकास समिति सुक्ष्म बीमा में बेहतर कार्य करते हुए देश में अव्वल रही है।
उन्होंने बताया कि मंडी, कुल्लू और हमीरपुर जिला में समिति के कार्यकर्ताओं ने करीब ढाई लाख लोगों तक अपनी पहुंच बनाई है। वे सोमवार को समिति कार्यालय सौलीखड्ड में साक्षरता कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक काे संबोधित कर रहे थे। जिसमें समिति के लगभग 70 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में समिति द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस अवसर पर समिति के जिला महासचिव भीम सिंह ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा स्वीकृत परियोजना वित्तीय साक्षरता अभियान के तहत दिसंबर 2027 तक लगभग पांच लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, वित्तीय साक्षरता तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि युवा बचाओ अभियान के अंतर्गत अक्टूबर माह में जिला भर के 100 से अधिक शिक्षण संस्थानों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान द व्हाइट ट्रुथ वैव सीरीज के माध्यम से भी युवाओं को नशे की वास्तविकताओं से अवगत करवाया गया। सूक्ष्म बीमा अभियान के तहत समिति अब तक लगभग ढाई लाख लोगों तक पहुंच बनाने में सफल रही है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 2,100 लोगों को मृत्यु दावा राशि के रूप में लगभग 10 करोड़ रुपए वितरित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, समिति नाबार्ड के सहयोग से संचालित विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से भी लोगों को लाभान्वित करने के प्रयास कर रही है। बैठक में समिति के अध्यक्ष हेमंत राज वैद्य ने विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर समिति के महासचिव भीम सिंह, कार्यकारिणी सदस्य नवल शर्मा, सुनीता बिष्ट, गजेंद्र शर्मा, सेवक राम, लालमन, सुनीता पटियाल, रोशनी रीना, कांशी, देवेंद्र सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
