मंडी- रविवार को किसान सभा, बल्ह कमेटी की बैठक अध्यक्ष प्रेमदास चौधरी की अध्यक्षता में कंसा चौक में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि हिमाचल किसान सभा द्वारा बल्ह क्षेत्र के किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श के लिए ब्लॉक स्तरीय किसान सम्मेलन 6 सितंबर 2026 को सुबह 11:00 बजे (महाराजा मैरिज पैलेस) कंसा चौक में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में किसान सभा की पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों की रिपोर्ट, किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं तथा आगामी मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही ब्लॉक कमेटी का चुनाव भी किया जाएगा।ब्लॉक सम्मेलन का उद्घाटन जिला किसान सभा के अध्यक्ष कुशाल भारद्वाज एवं जिला परिषद सदस्य द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर वे देश एवं प्रदेश के किसानों के समक्ष उत्पन्न विभिन्न समस्याओं तथा किसान आंदोलन की वर्तमान परिस्थितियों पर अपने विचार रखेंगे।किसान सभा के सचिव रामजी दास ने कहा कि सम्मेलन में बल्ह क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें कंसा क्षेत्र में प्रस्तावित कूड़ा निष्पादन स्थल को आबादी से दूर उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करना, आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान, डडौर एवं नागचला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित फ्लाईओवर/अंडरपास का शीघ्र निर्माण, डडौर–भौर मार्ग पर सर्विस रोड एवं जल निकासी नालियों का निर्माण प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में दुग्ध उत्पादक किसानों से नियमित रूप से दूध खरीदने तथा प्रत्येक माह समय पर दूध का भुगतान करने, किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद एवं बीज उपलब्ध करवाने, ग्रामीण रोजगार के अवसर बढ़ाने, बिजली के स्मार्ट मीटरों की जबरन स्थापना का विरोध, बल्ह में सब्जी मंडी के निर्माण, भंगरोटू खेल मैदान की भूमि को वापस लेकर उसे खेल गतिविधियों के लिए विकसित करने तथा अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी के स्थानांतरण को रोकने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को भरने, वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा एवं भारी बारिश से क्षतिग्रस्त श्मशान घाटों (मोक्षधाम), संपर्क मार्गों एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का शीघ्र पुनर्निर्माण करने की मांग भी सम्मेलन में प्रमुखता से उठाई जाएगी।
किसान सभा ने कहा कि बल्ह क्षेत्र में चिट्टे एवं अन्य नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ व्यापक जन अभियान चलाने की आवश्यकता है। इसके लिए किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं आम जनता को संगठित कर जन-जागरूकता अभियान चलाने की रणनीति भी सम्मेलन में तय की जाएगी। किसान सभा, बल्ह कमेटी ने क्षेत्र के सभी किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं तथा आम जनता से अपील की है कि वे 6 सितंबर 2026 को सुबह 11:00 बजे कंसा चौक में आयोजित ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर किसान एवं जन आंदोलन को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
बैठक में अध्यक्ष प्रेमदास चौधरी एवं सचिव रामजी दास के अतिरिक्त पूर्व अध्यक्ष परसराम, नन्द लाल वर्मा, पदम शर्मा, गंगा राम, हेम राज, उत्तम चंद, कैप्टन बलदेव चौधरी, जगदीश, भवानी सिंह, शिवलाल, जोगिन्दर वालिया, दयाराम सहित अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
