मंडी-युवाओं को लोकतंत्र, कूटनीति और लोक सेवा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस द्वारा मंडी के इंडस ग्लोबल स्कू ल में आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन के विशेष सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने युवाओं के साथ सीधा संवाद किया। इस सम्मेलन में हिमाचल और पड़ोसी राज्यों के 300 से अधिक विद्यार्थियों सहित रूस, ईरान और तुर्की जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं का नेतृत्व ही भविष्य की वास्तविक दिशा तय करता है। आज की युवा पीढ़ी ही भविष्य में राजनीति, शासन, न्याय, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, कृषि, बागवानी, बिजऩेस और पत्रकारिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करेगी। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को जीवनभर निरंतर सीखते रहने तथा व्यावहारिक कौशल हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि युवा नेतृत्व कल का भविष्य है। व्यक्ति में हमेशा सीखने की इच्छा होनी चाहिए। जीवन में औपचारिक शिक्षा ही सब कुछ नहीं है। युवाओं को नई चीजें सीखने और अन्य कौशल विकसित करने पर भी ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा करने और भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए जवाबदेही तय करना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी योजना की सफ लता केवल राजनेताओं के विजऩ पर ही निर्भर नहीं करती, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों की सजगता और निष्ठा पर भी टिकी होती है। जनहित की योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और करदाताओं के पैसे का सही उपयोग सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को ईमानदारी से कर्तव्य निभाना होगा। परियोजनाओं की कड़ाई से निगरानी और नियमित समीक्षा ही भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर सकती है। जब राजनीति और प्रशासन दोनों पूरी निष्ठा व जवाबदेही के साथ काम करेंगेए तभी विकास कार्य बिना किसी रुकावट और देरी के धरातल पर उतर सकेंगे।
इस सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने मॉडल यूनाइटेड नेशंस की तर्ज पर लोक नीति, कूटनीति, क्रिटिकल थिंकिंग और नागरिक नेतृत्व जैसे विषयों पर गहन मंथन किया। सत्र के दौरान युवाओं ने पूर्व मुख्यमंत्री से सोशल मीडिया से इतर राजनीति की वास्तविक कार्यप्रणाली, बुनियादी ढांचे के विकास के साथ हिमाचल के नाजुक पर्यावरण का संतुलन, स्थानीय भाषाओं व संस्कृति के संरक्षण तथा बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के राजनीति में आने और चुनौतियों का सामना करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण व व्यावहारिक प्रश्न पूछे। नेता प्रतिपक्ष ने सभी प्रश्नों के उत्तर देते हुए युवाओं को जनसेवा और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढऩे की सलाह दी। इससे पूर्व पद्मश्री अवार्डी नेक राम और पूर्व मुख्यमंत्री के मीडिया संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर इंडस ग्लोबल स्कूल के चेयरमैन चंदन भाटिया और प्रधानाचार्य सोनिया पवार ने मुख्यातिथि जयराम ठाकुर का स्वागत किया और स्कू ल परिसर में औषधीय पौधे रोपे।
