शिवरात्रि महोत्सव तक पूरा होगा प्रशासनिक कॉलेज भवन का निर्माण कार्य, सदर विधायक अनिल शर्मा ने किया निरीक्षण मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बजट में धनराशि का प्रावधान करने के लिए जताया आभार
मंडी।-छोटी काशी मंडी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव से पहले प्रशासनिक कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में सदर विधायक अनिल शर्मा ने निर्माणाधीन प्रशासनिक कॉलेज भवन का निरीक्षण किया और मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण कार्य में जुटे लोगों से भवन के निर्माण की प्रगति को लेकर जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक कॉलेज भवन कानिर्माण कार्य शहर के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने से कॉलेज के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा किया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से शिवरात्रि महोत्सव से पहले भवन का काम पूरा करने की बात कही।विधायक अनिल शर्मा ने इस भवन के निर्माण के लिए बजट में धनराशि का प्रावधान करने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से बजट उपलब्ध करवाए जाने से इस महत्वपूर्ण कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक कॉलेज भवन का निर्माण कार्य शिवरात्रि महोत्सव तक पूरा हो जाएगा और शहरवासियों को जल्द ही इस परियोजना का लाभ मिलेगा।