मंडी-राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-A), मंडी में आज पांचवें दीक्षांत समारोह का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में प्रशिक्षुओं की शैक्षणिक, तकनीकी एवं व्यावसायिक उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान का परिसर उत्साह, उमंग और गौरव के वातावरण से सराबोर रहा।समारोह में विभिन्न व्यवसायों (ट्रेडों) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 78 मेधावी प्रशिक्षुओं को क्रमशः गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त 28 प्रशिक्षुओं को बेस्ट ट्रेनी अवार्ड से नवाजा गया तथा उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप ₹5,100/- के चेक प्रदान किए गए। इन पुरस्कारों का उद्देश्य प्रशिक्षुओं की मेहनत, लगन, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना तथा अन्य प्रशिक्षुओं को भी बेहतर उपलब्धियां हासिलकरने के लिए प्रेरित करना रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान की इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट कमेटी (IMC) के चेयरमैन ई. कुशाल ठाकुर ने शिरकत की। ई.कुशाल ठाकुर ने उन्हें IMC के चेयरमैन बनाए जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, तकनीकी मंत्री राजेश धर्मानी,कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ठाकुर व जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर का आभार प्रकट किया।
उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में IMC सदस्य मनोहर लाल गुप्ता, प्रकाश कश्यप, नरेश राणा एवं गजेन्द्र बहल तथा जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान, जो IMC के सदस्य भी हैं,उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित IMC सदस्यों ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की तथा उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने अपने संदेशों में मेहनत, अनुशासन, समय की पाबंदी, सकारात्मक सोच और तकनीकी दक्षता को सफलता की प्रमुख कुंजी बताया।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को अपने कौशल को निरंतर विकसित करने, बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्य अतिथि ई.कुशाल ठाकुर ने सम्मानित प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अपनी तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक ज्ञान का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनने तथा अपने परिवार, संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के प्रधानाचार्य अजेश कुमार ने सभी पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को बधाई दी तथा समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं IMC सदस्यों काआभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की भूमिका युवाओं को रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा प्रदान करने, उनके कौशल को निखारने और उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे संस्थान में अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग अपने व्यावसायिक जीवन में करें और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान का प्रयास है कि प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, कार्यकुशलता, आत्मविश्वास और व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाए, ताकि वे रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ भविष्य में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ सकें।
समारोह में मेधावी प्रशिक्षुओं का सम्मान उनकी उपलब्धियों के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम ने प्रशिक्षुओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा का संचार किया। अंत में समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-A), मंडी की ओर से सभी सम्मानित प्रशिक्षुओं को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
