oplus_136314882
मंडी- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में शुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। इन 25 वर्षों में उन्होंने देश की राजनीति में यह स्थापित किया है कि सत्ता सुख भोगने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के 140 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं और विकसित भारत के संकल्प का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी उनके विकास कार्यों और नीतियों का वैचारिक मुकाबला करने के बजाय लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियों और अमर्यादित भाषा का सहारा ले रही है।
अजय ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उनके विरुद्ध व्यक्तिगत टिप्पणियों की एक लंबी श्रृंखला चला रखी है। कभी उनकी माता को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं तो अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा उनके दिवंगत पिता के संबंध में की गई टिप्पणी ने राजनीतिक मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा नरेंद्र मोदी को ‘मौत का सौदागर’ कहना, राहुल गांधी द्वारा ‘चौकीदार चोर है’ जैसे नारे लगाना और प्रियंका गांधी द्वारा उनकी तुलना दुर्योधन से करना कांग्रेस की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। इसी प्रकार कांग्रेस नेताओं द्वारा ‘मोस्ट स्टुपिड पीएम’, ‘मोदी की बोटी-बोटी कर देंगे’ और ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसी भाषा का इस्तेमाल राजनीतिक विरोध की सभी मर्यादाओं को पार करता है।
अजय ठाकुर ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस की राजनीतिक डिक्शनरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जितने भी अपमानजनक शब्द संभव हैं। उनका लगातार प्रयोग किया जा रहा है। लोकतंत्र में नीतियों और निर्णयों का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है।लेकिन किसी नेता के दिवंगत माता-पिता और परिवार को राजनीतिक निशाना बनाना किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि।कांग्रेस याद रखे, जितना कीचड़ उछालेगी उतना ही कमल खिलेगा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों के दिलों में बसते हैं। कांग्रेस की गालियों से न प्रधानमंत्री विचलित होने वाले हैं और न ही विकसित भारत के निर्माण की गति रुकने वाली है।
उन्होंने।खा कि मोदी ने अपने कार्यों से देश की जनता का विश्वास अर्जित किया है और कांग्रेस की व्यक्तिगत टिप्पणियां इस विश्वास को कमजोर नहीं कर सकतीं। कांग्रेस के नेताओं को प्रधानमंत्री के परिवार पर टिप्पणी करने के बजाय जनता के सामने अपना राजनीतिक दृष्टिकोण और विकास का एजेंडा रखना चाहिए।
वोट चोरी का भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपा रही कांग्रेस
अजय ठाकुर ने विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे वोट चोरी के मुद्दे पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी लगातार राजनीतिक विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए देश में भ्रम और अराजकता का वातावरण पैदा करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसी प्रक्रिया का उद्देश्य चुनावी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है। भाजपा का स्पष्ट मत है कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम होना चाहिए और अपात्र अथवा फर्जी प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाना चाहिए। लेकिन कांग्रेस और विपक्ष इस प्रक्रिया पर तथ्यात्मक चर्चा करने के बजाय जनता के बीच अनावश्यक भय और भ्रम पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता अपने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर देश में राजनीतिक अस्थिरता का वातावरण बनाना चाहते हैं, लेकिन देश की जनता उनकी मंशा और राजनीतिक उद्देश्य को भलीभांति समझ चुकी है।
अजय ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का शोर मचा रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि देश की जनता ने अब राजनीतिक भ्रम फैलाने वालों को वोट देना बंद कर दिया है। जनता विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है। देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए के साथ कंधे से कंधा मिलाकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी व्यक्तिगत टिप्पणियां कर ले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकास की यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।
