ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी और सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं, कांग्रेस सरकार व मंत्री जगत सिंह नेगी हिमाचल की जनता से मांगे सार्वजनिक माफी, अन्यथा सड़कों पर उतरेगी भाजपा : अजय ठाकुर
मंडी- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार आज दोहरी राजनीतिक विडंबना का प्रतीक बन चुकी है। एक ओर सरकार के वरिष्ठ मंत्री जगत सिंह नेगी भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर जैसी गौरवशाली सैन्य कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर मंत्री पद को लेकर सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री से जवाब मांग रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार में जनहित के मुद्दों से अधिक सत्ता और पद की राजनीति हावी है।
अजय ठाकुर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है। इस सैन्य अभियान ने पूरी दुनिया को संदेश दिया कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। ऐसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियान को लेकर प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा विधानसभा में की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार की बयानबाजी से सेना के पराक्रम और उसके योगदान पर अनावश्यक सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राजनीतिक द्वेष के चलते देश की सेना के शौर्य और साहस को कठघरे में खड़ा करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी, द्वारा भी भारतीय सेना की कार्रवाई और आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को लेकर समय-समय पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। हिमाचल के मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी भी इसी राजनीतिक सोच को आगे बढ़ाती प्रतीत होती है। कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर भारतीय सेना के पराक्रम को लेकर उसके नेताओं के मन में बार-बार संदेह क्यों पैदा होता है?
अजय ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में शायद पहली बार ऐसी सरकार देखने को मिल रही है, जहां मंत्री बनने के लिए ग्रहों की स्थिति देखी जा रही है और सत्तापक्ष के विधायक ही अपनी सरकार से मंत्री पद को लेकर जवाब मांग रहे हैं। मुख्यमंत्री और विधायक के बीच सार्वजनिक बयानबाजी कांग्रेस के भीतर चल रही सत्ता की खींचतान और असंतोष को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रदेश का राजस्व मंत्री सेना के पराक्रम पर टिप्पणी करने में व्यस्त है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के विधायक मंत्री पद को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर बेरोजगारी, महंगाई, विकास और प्रदेश की आर्थिक चुनौतियों पर सरकार कब गंभीरता से ध्यान देगी? क्या कांग्रेस सरकार का पूरा ध्यान केवल मंत्रिमंडल की कुर्सियों और आपसी राजनीतिक समीकरणों तक ही सीमित रह गया है?
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता=अजय ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की कि वे मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर अपना स्पष्ट रुख प्रदेश की जनता के सामने रखें और संबंधित मंत्री से सार्वजनिक स्पष्टीकरण दिलवाने के साथ ही माफी मंगवाएं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि है और यहां के हजारों परिवारों का भारतीय सेना से सीधा जुड़ाव है। प्रदेश की जनता अपने सैनिकों के सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं करेगी।
अजय ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में सड़कों पर उतरकर कड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भी इस प्रकार की बयानबाजी का जवाब आने वाले चुनावों में कांग्रेस को देगी।
