मंडी– राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज मंडी स्थित डीआरडीए सभागार में “पत्रकारिता: सनसनी या ज़िम्मेदारी” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की।
प्रेस दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए उपायुक्त ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह जनता और शासन-प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है। लोकतंत्र के यह स्तंभ कार्यपालिका एवं मीडिया एक ही दिशा में कार्य करते हुए जनहित से सीधे जुड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि इनके बीच आपसी भरोसे एवं सामंजस्य से आगे बढ़कर ही जन सरोकारों पर और बेहतर ढंग से कार्य किया जा सकता है।
अपूर्व देवगन ने कहा कि भारतीय प्रेस परिषद की ओर से सुझाया गया इस वर्ष का विषय अत्यंत प्रासंगिक एवं समयोचित प्रतीत होता है जो हमें आत्ममंथन का अवसर प्रदान करता है कि पत्रकारिता का मार्ग लोकप्रियता की ओर जाना चाहिए अथवा जनहित की ओर। वर्तमान डिजिटल दौर में तेज़ सूचनाओं के बीच सनसनी से बचते हुए तथ्यात्मक, निष्पक्ष और ज़िम्मेदार पत्रकारिता करना समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे तेजी से सूचना देने के दबाव अथवा प्रतिस्पर्धा में पड़ने से बचें और समाज में भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए घटना की सत्यता की पुष्टि के बाद ही उन्हें प्रसारित करें, ताकि प्रेस की विश्वसनीयता बनी रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने अपने संबोधन में वर्तमान दौर की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाचार में विचारों का स्थान नहीं होता और व्यक्तिगत अथवा संस्थागत हितों के टकराव से बचते हुए पत्रकार को वस्तुनिष्ठ एवं निष्पक्ष होना चाहिए। गलत जानकारी, जानबूझकर फैलाई गई झूठी खबर और नुकसान पहुँचाने वाली जानकारी के साथ-साथ हितों के टकराव से जुड़ी सूचनाओं के प्रसार से भी पूरी तरह बचना चाहिए। सनसनी और जिम्मेदारी के बीच संतुलन पर जोर देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी खबर में लोक लुभावन सूचना हो भी, तो वह पूर्ण रूप से सत्य पर आधारित होनी चाहिए, क्योंकि जिम्मेदारी भरी पत्रकारिता ही समाज को सही दिशा प्रदान कर सकती है।
वरिष्ठ पत्रकार डी.पी. गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में चर्चा करते हुए पत्रकारों से आह्वान किया कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पूरी तरह जांच अवश्य करें। वर्तमान दौर में ‘ब्रेकिंग न्यूज‘ की अंधी दौड़ के कारण मीडिया में सनसनीखेज और अपुष्ट खबरें तेजी से फैल रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी खबर में बिना पुष्टि के तथ्य शामिल नहीं होने चाहिए। एक आकर्षक एवं सनसनीखेज हेडलाइन में अंतर होता है और जानबूझकर ऐसे शीर्षकों के माध्यम से सनसनी नहीं फैलानी चाहिए। एक पत्रकार की असली ताकत और पहचान उसकी विश्वसनीयता ही होती है। यदि हम तथ्यों की पुष्टि के बाद ही खबर देंगे, तो समाज में हमारी साख और पहचान हमेशा बनी रहेगी।
वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार मुरारी शर्मा ने कहा कि भारतीय प्रेस परिषद द्वारा चुना गया विषय पूरी तरह तथ्यपरक है जो कि पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, लक्ष्य और उद्देश्यों को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि तकनीकी विस्फोट के इस दौर में पत्रकारिता अपने अस्तित्व की जंग भी लड़ रही है। विश्वसनियता एवं जिम्मेदारी से ही इसमें जीत हासिल की जा सकती है। आज का दौर भ्रमित करने वाला है, जहाँ सोशल मीडिया पर ब्रेकिंग न्यूज की होड़ तो लगी है, लेकिन खबरों से सत्यता गायब होती जा रही है।
आज की पत्रकारिता की दिशा और दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए शिमला दूरदर्शन के संवाददाता अंकुश सूद ने वर्तमान दौर में खबरों को पेश करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज हम टीआरपी, अधूरे तथ्य और सबसे पहले खबर दिखाने की स्पीड के पीछे भाग रहे हैं, जो कि मीडिया की विश्वसनियता एवं जिम्मेदारी दोनों के लिए ही घातक है। खबरों में अनावश्यक सनसनी फैलाने से हर हाल में बचना होगा और जल्द सूचना देने की होड़ के बजाय तथ्यों की शुद्धता को ही अपनी पहली प्राथमिकता बनाना होगा।
पीटीआई के वरिष्ठ पत्रकार महेश शर्मा ने पत्रकारिता में विश्वसनीयता और जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी खबर को सनसनीखेज बनाने से पहले उसकी पुष्टि बेहद जरूरी है। जल्दबाजी में तथ्यों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। यदि मानवीय भूल या किसी कारणवश कोई गलत खबर प्रकाशित या प्रसारित हो भी जाती है, तो संबंधित संस्थान को किसी के दबाव या शिकायत का इंतजार नहीं करना चाहिए और मीडिया संस्थानों को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए त्रुटि छिपाने के बजाय पारदर्शिता के साथ जनता के सामने आकर वस्तुस्थिति स्पष्ट करना ही सच्ची और जिम्मेदार पत्रकारिता की पहचान है।
दिव्य हिमाचल के ब्यूरो प्रभारी अमन शर्मा ने डीजिटल मीडिया के नियमन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि गैर जरूरी सनसनी पत्रकारिता पर ग्रहण के समान है। हिमाचल दस्तक के वरिष्ठ संवाददाता धर्मचंद वर्मा ने कहा कि पत्रकार को किसी भी घटना को रिपोर्ट करने से पहले सिक्के के दोनों पहलुओं पर नज़र अवश्य डालनी चाहिए। संगोष्ठी को दैनिक भास्कर की वरिष्ठ संवाददाता आशा ठाकुर, दैनिक जागरण के संवाददाता मुकेश मेहरा, दिव्य हिमाचल की संवाददाता दीक्षा ठाकुर, नवोदित पत्रकार साक्षी ठाकुर ने भी संबोधित किया।
जिला लोक सम्पर्क अधिकारी हेमंत कुमार ने विषय की प्रस्तावना रखी जबकि सहायक तकनीकी अधिकारी शिवराम शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभिन्न मीडिया प्रतिनिधियों के अलावा जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।
