मंडी – बुधवार को को नगर निगम मंडी की साधारण बैठक का आयोजन माननीय महापौर श्रीमती सुमन ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, शहर की स्वच्छता व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आम जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में उपमहापौर जितेन्द्र ने शहर में आम लोगों की आवाजाही एवं बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर नए सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जाए, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है तथा सार्वजनिक शौचालयों की आवश्यकता है। इन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र नए शौचालयों का निर्माण करवाया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों, व्यापारियों एवं शहर में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि शहर में क्षतिग्रस्त जालों की मरम्मत करवाने के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि खुले एवं टूटे हुए जालों के कारण लोगों को होने वाली असुविधा और संभावित दुर्घटनाओं से बचाया जा सके। इसके अतिरिक्त शहर के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर बने गड्ढों को भरने तथा मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी। आपदा के दौरान विभिन्न स्थानों पर एकत्रित किए गए मलबे एवं अन्य अनावश्यक सामग्री को भी शीघ्र हटाने के निर्देशों पर चर्चा की गई, ताकि शहर की सुंदरता बनी रहे और आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान खराब एवं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की पहचान कर उन्हें शीघ्र ठीक करवाने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने पर जोर दिया गया। विशेष रूप से वार्डों की आंतरिक सड़कों, संपर्क मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई, ताकि रात्रि के समय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
महापौर सुमन ठाकुर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जहां लोगों को सीवरेज कनेक्शन प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उन मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सीवरेज कनेक्शन उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक जगह न मिलने के कारण कार्य में बाधाएं आ रही हैं। ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों से समन्वय स्थापित कर उचित समाधान निकालने तथा आवश्यकतानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सीवरेज सुविधा का लाभ मिल सके।
महापौर ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना, नालियों की समय-समय पर सफाई करवाना, सार्वजनिक स्थलों एवं रास्तों से कूड़ा-कचरा हटाना तथा कूड़े के उचित निस्तारण की व्यवस्था करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा जहां भी सफाई से संबंधित कमियां सामने आती हैं, वहां तुरंत आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
बैठक में शहर की सड़कों, रास्तों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के रखरखाव को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने तथा आम जनता से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर बल दिया गया।
इस बैठक में उपमहापौर जितेंद्र शर्मा, पार्षद अलकनंदा हांडा, सरीता हांडा, निर्मल वर्मा, नर्वदा देवी, कृष्णा ठाकुर, विरेन्द्र सिंह आर्य, गुरदीप कौर, गगन कश्यप, रजनी शर्मा, रीता देवी, मनोनित पार्षद सन्नी ईपन, नगर आयुक्त डॉ. मदन कुमार, अतिरिक्त आयुक्त अपराजिता चंदेल, अनुभाग अधिकारी राकेश गुलेरिया, सहायक अभियंता ई. नरेश व निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थ्ति रहे।
