81वें जन्मदिन पर कौल सिंह के नाम का सियासी शंखनाद, द्रंग कांग्रेस ने चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव किया पारित आठ बार के विधायक कौल सिंह बोले- मैं तो चाहता हूं किसी नौजवान को मिले मौका, हाईकमान का आदेश हुआ तो फिर लड़ूंगा चुनाव
मंडी-हिमाचल प्रदेश की राजनीति में द्रंग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ठाकुर के 81वें जन्मदिन पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा सियासी संदेश सामने आया है। जन्मदिन समारोह के बहाने द्रंग कांग्रेस ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अपनी मंशा साफ कर दी।
कार्यकर्ताओं ने एकमत से प्रस्ताव पारित कर कौल सिंह ठाकुर को आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से कांग्रेस का प्रत्याशी बनाने की मांग उठाई। इस प्रस्ताव के बाद द्रंग की राजनीति में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं।हालांकि, आठ बार विधायक रह चुके कौल सिंह ठाकुर ने खुद चुनाव लड़ने को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी इच्छा थी कि अब किसी दूसरे व्यक्ति और नौजवान को आगे आने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह विधायक, मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और दो बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। अपने राजनीतिक सफर से वह पूरी तरह संतुष्ट हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं की भावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कौल सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान और एआईसीसी करेगी। यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का आदेश देती है तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा, “मैंने कभी पार्टी के आदेशों की अवहेलना नहीं की है। हाईकमान कहेगी कि आपको ही चुनाव लड़ना है तो निश्चित तौर पर चुनाव लड़ूंगा। अगर किसी नौजवान को मौका दिया जाता है तो उसका भी स्वागत करूंगा।
उनके पोते के चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर भी सवाल हुआ। इस पर उन्होंने कहा कि उनके पोते के अलावा क्षेत्र में कई अन्य नौजवान भी हैं। टिकट उसी को मिलना चाहिए जिसकी जीतने की स्थिति मजबूत हो।वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा कि कौल सिंह को दोबारा चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव द्रंग की जनता और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का प्रतीक है। हाईकमान जो फैसला करेगी, संगठन उसका पालन करेगा।
अब सवाल यह है कि द्रंग कांग्रेस का यह प्रस्ताव कौल सिंह ठाकुर की चुनावी वापसी का संकेत बनेगा या पार्टी किसी नए चेहरे पर दांव खेलेगी? इसका जवाब आने वाले समय में हाईकमान के फैसले से मिलेगा।