मंडी- बल्ह उपमंडल की ग्राम पंचायत चंडयाल के रठोहा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायका पक्ष ने पति, सास और ननद पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब 5:45 बजे सूचना प्राप्त हुई कि रठोहा गांव में एक महिला ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही गागल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान 34 वर्षीय कुसमा पत्नी अमित कुमार निवासी रठोहा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि महिला को सबसे पहले उसकी सास ने फंदे पर लटका हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी दिनेश कुमार और थाना प्रभारी बल्ह भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा।
मृतका के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी बहन को पति अमित कुमार, सास विद्या देवी और ननद निशा देवी लंबे समय से परेशान कर रहे थे। उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बहन ने आत्मघाती कदम उठाया।
वहीं पोस्टमार्टम के बाद जब शव ससुराल पहुंचा तो मायका पक्ष के लोगों ने आरोपितों को सामने लाने की मांग को लेकर विरोध जताया। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत किया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। तीनों आरोपितों को न्यायालय से दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है