मंडी-नेशनल हाईवे मंडी-मनाली पर पंडोह के साथ लगते जागर नाला के समीप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 101 पेटी देसी शराब बरामद की है। बरामद शराब में कुल 1212 बोतलें शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस चौकी पंडोह के जवानों को गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जागर नाला के पास नाका लगाकर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।तलाशी के दौरान वाहन नंबर HP66B-2278 (बोलोरो मैक्स पिकअप) से 101 पेटी देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को कब्जे में लेकर शराब जब्त कर ली।पुलिस जांच में वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान लतेश पुत्र नरेंद्र कुमार, निवासी गांव मैरामसित, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, उम्र 30 वर्ष तथा नितिश कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार, निवासी गांव मैरामसित, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में आरोपी शराब से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके चलते पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।पंडोह क्षेत्र में एक साथ इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने से लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए अवैध शराब तस्करी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।
