मंडी-रोटरी क्लब छोटी काशी मंडी ने रविवार को आठ सरकारी स्कूल शिक्षकों को नेशन बिल्डर अवॉर्ड से सम्मानित किया। शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक सरोकारों और स्कूल स्तर पर उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षकों को यह सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मानित होने वाले शिक्षकों में जीएसएसएस शिवाबदार के टीजीटी मेडिकल सुशील कुमार, जीएसएसएस बरोट की हिंदी प्रवक्ता निशा ठाकुर, जीएसएसएस सैगलू के कंप्यूटर साइंस प्रवक्ता दर्शन लाल, जीएसएसएस कटिंढी की हिंदी प्रवक्ता हर्षना बहल, राजकीय उच्च विद्यालय रत्ती की टीजीटी आर्ट्स सुषमा कुमारी, जीएसएसएस शिवाबदार के रसायन विज्ञान प्रवक्ता सुरेश कुमार, जीएसएसएस तांडू की अंग्रेजी प्रवक्ता सुनीता तथा राजकीय बीएसएल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीबीएमबी कॉलोनी सुंदरनगर की टीजीटी गणित ज्योति शामिल रहीं। सभी शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, नवाचार, लंबे सेवाकाल और विद्यार्थियों के हित में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अखिलेश भारती के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने रोटरी की सेवा भावना और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए क्लब द्वारा किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद रोटेरियन मुनीश सूद ने रोटरी संगठन, उसकी संरचना और सेवा कार्यों की जानकारी दी।
रोटेरियन डॉ. अनुपमा सिंह ने नेशन बिल्डर अवॉर्ड के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, संस्कार, संवेदनशीलता और जीवन में आगे बढ़ने का जज्बा भी पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव कक्षा में ही रखी जाती है।
सम्मानित शिक्षकों में सुशील कुमार को गतिविधि आधारित एवं तकनीक आधारित शिक्षा के साथ शिक्षक प्रशिक्षण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। निशा ठाकुर ने कोविड काल में यूट्यूब के माध्यम से हिंदी शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की मदद की। दर्शन लाल ने डिजिटल शिक्षा और छात्रवृत्ति से जुड़ी सुविधाओं में विद्यार्थियों की सहायता की।
हर्षना बहल को शिक्षा विभाग में 25 वर्षों की सेवा के लिए सम्मानित किया गया, जबकि 24 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहीं सुषमा कुमारी को स्कूलों में नामांकन बढ़ाने, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता और शिक्षक मार्गदर्शन में योगदान के लिए सम्मान मिला। सुरेश कुमार को लंबे शिक्षण अनुभव, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम और तकनीक आधारित शिक्षण के लिए सम्मानित किया गया। सुनीता को शिक्षा के क्षेत्र में दो दशक की सेवा तथा ज्योति को गणित को सरल एवं नवाचारपूर्ण तरीके से पढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुमन शर्मा, रेणु गुलाटी, अमर आहूजा, अनुराधा सूद, जयपाल सिंह, प्रबोध आनंद, सीमा शर्मा और धर्मेंद्र राणा सहित रोटरी क्लब के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद क्लब सदस्यों ने रोटरी क्लब छोटी काशी मंडी की वर्षगांठ भी मनाई। इस अवसर पर केक काटकर सदस्यों ने क्लब की सेवा यात्रा और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
समारोह का समापन हाई टी के साथ हुआ, जहां क्लब सदस्यों, अतिथियों और सम्मानित शिक्षकों ने आपस में मुलाकात कर कार्यक्रम की खुशियां साझा कीं।
