Oplus_16908288
मंडी-फोरलेन सम्मव्य समिति के सचिव महिंदर गुलेरिया ने कहा है कि डलाह वार्ड से जिला परिषद सदस्य चम्पा देवी की 24 जून को परियोजना निदेशक (PD) के साथ हुई चर्चा के उपरांत शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-154 फोरलेन निर्माण से प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान विधायक पुरण चंद ठाकुर,NHAI, गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी, स्थानीय तहसील प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग (IPH), विद्युत विभाग, पंचायत प्रतिनिधि, बीडीसी सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।संयुक्त टीम ने द्रंग से लेकर माणा गांव तक फोरलेन निर्माण से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को विस्तार से सुना। गुलेरिया ने कहा कि ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के दौरान ROW (राइट ऑफ वे) से बाहर क्षतिग्रस्त हुए मकानों, कृषि भूमि, निजी भूमि, सिंचाई कुल्हों, संपर्क मार्गों तथा अन्य सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों को हुए नुकसान की समस्याएं गावर कंस्ट्रक्शन के जीएम नागर के समक्ष रखीं।




समिति ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, तहसील प्रशासन, एसडीएम कार्यालय तथा सभी पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि फोरलेन निर्माण से प्रभावित कार्यों का वास्तविक निष्पादन सुनिश्चित किए बिना किसी भी प्रकार की एनओसी जारी न करें।
समिति ने यह भी बताया कि फोरलेन निर्माण से प्रभावित जनसमस्याओं के संबंध में समय-समय पर मीडिया के माध्यम से प्रदेश सरकार एवं संबंधित विभागों को अवगत कराया गया है। इन शिकायतों पर माननीय मुख्य सचिव, हिमाचल प्रदेश ने हर बार संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र अग्रेषित किए हैं। समिति ने उम्मीद जताई कि अब सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत प्रदान करेंगे।
समिति ने CALA से मांग की कि फोरलेन निर्माण से प्रभावित परिवारों के सभी लंबित क्षतिपूर्ति मामलों का तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही जनसमस्याओं का स्थायी समाधान हो सके!
