मंडी-सुंदरनगर उपमंडल के छोटे से गांव जरल से निकले अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक जॉनी चौधरी को भारतीय अंडर-20 पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती टीम का कोच नियुक्त किया गया है। अब वह 30 जून से 5 जुलाई तक थाईलैंड में आयोजित होने वाली अंडर-20 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देंगे। यह उपलब्धि न केवल मंडी बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।जॉनी चौधरी हिमाचल प्रदेश के सर्वोच्च खेल सम्मान परशुराम पुरस्कार से सम्मानित हैं। एक सफल अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ-साथ उन्होंने कुश्ती प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी मेहनत, अनुभव और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें भारतीय टीम की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।अपनी नियुक्ति पर जॉनी चौधरी ने कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी और प्रशिक्षक का सपना होता है। भारतीय टीम का कोच बनना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी और देश के लिए पदक जीतने का पूरा प्रयास करेगी।
उन्होंने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ, भारतीय कुश्ती महासंघ, भारतीय खेल प्राधिकरण तथा हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
जिला मंडी कुश्ती संघ के अध्यक्ष अंकित जमवाल और महासचिव सुरेंद्र चौधरी ने जॉनी चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति हिमाचल के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करेगी और देश का गौरव बढ़ाएगी।
