मंडी-पड्डल स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलराम और माता सुभद्रा की विशेष पूजा श्रद्धा एवं वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुई। रथ यात्रा के उपरांत आयोजित अनुष्ठान में भगवान का सवा लाख तुलसी पत्र, 108 कमल पुष्प और 21 किलोग्राम गुलाब की पंखुड़ियों से पूजन कर छप्पन भोग अर्पित किया गया।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा में भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की। महंत राजेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने मंडी, प्रदेश और देशवासियों की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य तथा विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने धर्म, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया। उल्लेखनीय है कि महंत राजेश्वरानंद सरस्वती वर्षभर धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को सनातन संस्कृति और गौसेवा से जोड़ने का कार्य करते हैं। शीघ्र ही छोटी काशी मंडी में चातुर्मास के धार्मिक आयोजन भी आरंभ होंगे। मंदिर समिति और पुजारी प्रमोद शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
