टिहरा/मंडी- टिहरा में आयोजित राज्य स्तरीय कारगिल विजय दिवस समारोह में वीर नारियों, पूर्व सैनिकों तथा देश के विभिन्न युद्धों में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों के परिजनों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीद गांव हवाणी रिवालसर के नायक सरवन कुमार की पत्नी कांता देवी, साइगलू (कोटली) निवासी शहीद सूबेदार खेम चंद की पत्नी प्रोमिला देवी, वीना देवी पत्नी सिपाही टेक सिंह मस्ताना गांव स्योह बल्ह तथा सरला देवी पत्नी शहीद नायक अशोक कुमार, गांव सहैल बल्ह को सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त 1962 इंडो-चाइना युद्ध में शहीद हुए हरि सिंह निवासी बंदला अनार देवी,1965 के युद्ध में शहीद नेक राम गांव चंदपुर की पत्नी कमला देवी, वर्ष 1999, 2002 तथा 2014 में ऑपरेशन रक्षक के दौरान वीरगति को प्राप्त जवानों के परिजनों में प्रमिला देवी पत्नी शहीद हवालदार भाग सिंह गांव धुली, राज कुमारी पत्नी शहीद देश राज गांव चढवालका, कुसुम ठाकुर पत्नी शहीद सिपाही प्रदीप कुमार गांव सरौन, निशा कुमारी पत्नी शहीद नायब सूबेदार राजेश कुमार गांव लगयार को सम्मानित किया।
डॉ. शांडिल ने विभिन्न युद्धों में वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों के आश्रितों को भी सम्मानित किया जिनमें प्रजीत ठाकुर गांव करियल, करोधो देवी गांव सनदेहडा, चमारू राम गांव रोसो, ज्ञान चंद गांव डगवानी, रजनी देवी गांव कोट, दर्शनू देवी गांव गद्दीधार शामिल हैं। कारगिल युद्ध में घायल हुए नायब सूबेदार पुरूषोतम शर्मा गांव डगवानी को भी सम्मानित किया गया।
वीरता के लिए पुरस्कृत सैनिकों को भी इस मौके पर सम्मानित किया गया जिनमें हवलदार प्रकाश चंद जोकि शौर्य चक्र प्राप्त करता है गांव मोरतन, लांस नायक प्रवीण कुमार गांव झड़ियार शौर्य चक्र विजेता, सीएचएम रहीम सिंह गांव गद्दीदार सेना मेडल से पुरस्कृत हैं, उन्हें भी सम्मानित किया गया।
-0-
—
