oppo_2
मंडी-बुधवार को बल्ह कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार को पेपर लीक और चंदा चोरी के मामलों पर घेरा। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर की अगुवाई में नेरचौक में एक रैली का आयोजन भी किया गया तथा केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। रैली में जिला अध्यक्ष के अलावा एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया, रिंपल चौधरी, अजय ठाकुर, साहिल ठाकुर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सम्मिलित रहे। इस मौके पर चंपा ठाकुर ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो सरकार प्रभू राम के नाम से केंद्र में आई थी उसी ने चंदा चोरी करके राम के नाम को कलंकित किया है। वहीं नीट परीक्षा में पेपर लीक को लेकर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा महज एक दिखावा था। केंद्र सरकार नीट परिक्षार्थियों का अनशन समाप्त करवाकर उन्हें अब प्रताड़ित कर रही है। संजीव गुलेरिया ने भी अपने बयान में कहा कि मंडी की सांसद कंगना रनौत ने बच्चों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करके अपनी मंशा जाहिर की है। उन्हें अपने कहे पर माफी मांगनी चाहिए। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं का समर्थन करते हुए इस मौके पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है।
