मंडी-हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पधर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 ग्राम चिट्टे के साथ 30 वर्षीय फौजी जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धर्मपुर तहसील के गांव तरनेहड़ निवासी सतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 13 अगस्त की रात पधर पुलिस टीम पधर बाजार स्थित पुलिस सहायता कक्ष के समीप बैरिकेड लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे मंडी की तरफ से आ रही सिल्वर रंग की Kia Seltos कार को जांच के लिए रोका गया। कार चालक की पहचान सतीश कुमार पुत्र मंगत राम, निवासी तरनेहड़, तहसील धर्मपुर, जिला मंडी, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई।
चेकिंग के दौरान चालक के घबराने पर पुलिस को शक हुआ। गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड के अंदर फॉयल पेपर में रखे तीन पारदर्शी पॉलीथीन लिफाफे बरामद हुए। इनमें भूरा रंग का नरम पदार्थ पाया गया, जिसकी जांच करने पर हेरोइन यानी चिट्टा पाया गया। बरामद चिट्टे का कुल वजन 23 ग्राम निकला।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस थाना पधर में अभियोग संख्या 107/2026, दिनांक 13 अगस्त 2026, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। नशे की तस्करी और सप्लाई में संलिप्त लोगों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी फौज में कार्यरत है और उसकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में आरोपी से पूछताछ सहित आगामी जांच जारी है।
