मंडी-कुल्लू फोरलेन पर दयोड़ से हणोगी तक लंबे समय से निर्माणाधीन दोनों सुरंगों को शुक्रवार को एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया है। शाहपुर्जी पलोनजी कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हवन-पूजा के बाद विधिवत रूप से सुरंगों के माध्यम से वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई। सुरंगों के खुलने से अब इस मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को जाम तथा बरसात के दौरान होने वाले भूस्खलन की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पिछले कल अपने सोशल मीडिया पेज के माध्यम से दयोड़-हणोगी सुरंगों के खुलने की जानकारी साझा की थी। इसके बाद शुक्रवार को कंपनी की ओर से हवन-पूजा करवाकर सुरंगों को यातायात के लिए खोल दिया गया।
एनएचएआई के अधिकारियों ने किया था निरीक्षण
सुरंगों को यातायात के लिए खोलने से पहले कुछ दिन पूर्व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के सदस्य विपनेश शर्मा की मौजूदगी में भी निर्माण कार्य और सुरंगों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान सुरंगों की तैयारियों का जायजा लिया गया था। इसके बाद अब दोनों सुरंगों को एकतरफा यातायात के लिए खोलने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
हणोगी में भूस्खलन से हुआ था नुकसान
गौरतलब है कि वर्ष 2025 की आपदा के दौरान हणोगी सुरंग के मुहाने के करीब 26 मीटर हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके चलते सुरंगों को यातायात के लिए खोलने में अतिरिक्त समय लगा। एनएचएआई की ओर से करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से सुरंग के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और आवश्यक कार्य करवाकर इसे तैयार किया गया है। अब सुरंगों के खुलने से इस मार्ग पर बरसात के दौरान भूस्खलन और सड़क बंद होने की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
टीम लीडर ने दी जानकारी
शाहपुर्जी पलोनजी कंपनी के टीम लीडर आदर्श पनौत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को दयोड़ और हणोगी की दोनों सुरंगों को एक तरफ के यातायात के लिए खोल दिया गया है। हवन-पूजा के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई गई है। उन्होंने कहा कि सुरंगों के खुलने से अब लोगों को काफी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
