मंडी-गांधी भवन, मंडी में जिला कांग्रेस अध्यक्षा चंपा ठाकुर की अध्यक्षता में कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी अध्यक्ष, अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष, ब्लॉकों के अध्यक्ष तथा सेवादल के जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने भाग लिया।
बैठक का आयोजन तीन चरणों में किया गया। प्रथम चरण में ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक ली गई। जिसमें पार्टी में नवाचार पर बल दिया गया। सभी अध्यक्षों को पोर्टल पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में जिला संगठन महासचिव प्रकाश कश्यप, युवा कांग्रेस के हितेश ठाकुर तथा सोशल मीडिया विभाग के तरेन्द्र चंदेल ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
बैठक के दूसरे चरण में चंपा ठाकुर की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें पार्टी संगठन तथा कार्यशैली के विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। अध्यक्षा ने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक रूप से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।इसी क्रम में सेवादल के जिलाध्यक्ष तथा ब्लॉक अध्यक्षों की भी बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष प्रेम लाल गुड्डू द्वारा सेवादल की विभिन्न उपलब्धियों तथा गतिविधियों को बैठक में प्रस्तुत किया गया। चंपा ठाकुर ने बताया कि आने वाले समय में सेवादल को और अधिक सशक्त किया जाएगा और इसमें नए लोगों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने सेवादल के सभी पदाधिकारियों से फील्ड में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी अध्यक्ष जगदीश रेड्डी, धर्मपाल कौंडल, जसवंत सिंह, हेमराज ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, अरुण ठाकुर तथा गोपाल ठाकुर ने भाग लिया। इस बैठक में अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष, सेवादल के जिलाध्यक्ष प्रेम लाल गुड्डू, जिला कांग्रेस कमेटी मंडी के संगठन महासचिव अनिल सेन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
