oplus_140509186
मंडी-नगर निगम मंडी की साधारण बैठक आज दिनांक 16.09.2026 को माननीय महापौर श्रीमती सुमन ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम मंडी के विकास, वित्तीय स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, निगम की संपत्तियों, लंबित कार्यों तथा शहर के सौंदर्याकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में विगत साधारण बैठक की कार्यवाही पर Action Taken Report, नगर निगम की आय/प्राप्तियों एवं व्यय की मदवार स्थिति तथा निगम की वर्तमान वित्तीय स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही निविदाओं में निर्धारित नियमों एवं शर्तों, पात्र बोलीदाताओं तथा निविदा प्रक्रिया से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।
नगर निगम की अभियंता शाखा से संबंधित लंबित अनापत्ति प्रमाण-पत्र, लंबित भुगतान, सड़कों, जालियों एवं गड्ढों की मरम्मत एवं रख-रखाव तथा विभिन्न वार्डों में पार्षदों के नाम-पट्ट स्थापित किए जाने की स्थिति की समीक्षा की गई। जनहित से जुड़े आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करने पर जोर दिया गया।

नगर निगम की संपत्तियों, दुकानों, खोखों, रेहड़ियों एवं अन्य वाणिज्यिक संपत्तियों की संख्या, उनसे निर्धारित आय, वास्तविक प्राप्तियों तथा बकाया राजस्व की स्थिति की समीक्षा की गई। निगम की राजस्व प्राप्तियों को बढ़ाने तथा बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने पर बल दिया गया।
बैठक में भगवान शिव जी, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी, भगवान परशुराम जी एवं महाराणा प्रताप जी की प्रतिमाओं की स्थापना से संबंधित विषय पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त इंदिरा मार्केट की छत पर स्थित पुष्पवाटिका की वर्तमान स्थिति, इसके विकास एवं रख-रखाव के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
आगामी टारना मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई तथा स्वच्छता, जनसुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
दिनांक 14 जून, 2026 को जलभराव/बाढ़ से प्रभावित नगर निगम भवनों, पुस्तकालय एवं अन्य निगम संपत्तियों को पुनः कार्यशील स्थिति में लाने हेतु की गई कार्रवाई एवं वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक मरम्मत एवं बहाली कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने पर चर्चा हुई।
मंडी शहर में दुकानों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के डिस्प्ले/साइन बोर्डों के लिए समान आकार, रंग, डिजाइन एवं प्रकाश व्यवस्था निर्धारित करने हेतु मानकीकृत व्यवस्था विकसित करने के विषय पर भी चर्चा की गई। व्यापार मंडल एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर शहर के सौंदर्याकरण एवं पर्यटन आकर्षण को बढ़ाने की दिशा में कार्य करने पर विचार-विमर्श किया गया।
पुराने भवन मालिकों को नोटिस जारी करने तथा नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली के संबंध में सार्वजनिक मंचों/सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों से संबंधित विषय पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में आयुक्त द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई तथा अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन नियमानुसार एवं प्रभावी ढंग से करने पर जोर दिया गया।
माननीय महापौर श्रीमती सुमन ठाकुर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य मंडी शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाओं वाला शहर बनाना है। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
बैठक में उपमहापौर श्री जितेन्द्र शर्मा, पार्षद श्रीमती सरिता हांडा, श्रीमती निर्मल वर्मा, श्रीमती नरवदा देवी, श्रीमती कृष्णा ठाकुर, श्री वीरेन्द्र सिंह आर्य, श्री जितेन्द्र कुमार, श्रीमती गुरदीप कौर, श्रीमती नेहा, श्री गगन, श्रीमती रजनी शर्मा एवं श्रीमती रीता देवी तथा आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, सहायक अभियंता, अनुभाग अधिकारी एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
