मंडी-धर्मपुर निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को फेगड़ू के पास दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक जेसीबी मशीन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक मजदूर मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान 21 वर्षीय नरेश सिंह, पुत्र शाम लाल, निवासी गांव सरार, बाप, जिला उधमपुर, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार फेगड़ूधार के पास मंडी-धर्मपुर एनएच का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान काम करते समय जेसीबी मशीन का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। इस दौरान वहां मौजूद नरेश सिंह मशीन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद कंपनी के कर्मचारियों ने उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कंपनी अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी की ओर से शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे की सूचना मृतक के परिवार को दे दी गई है। निर्माणाधीन एनएच पर हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।
WhatsAppFacebookXLinkedInEmailTwitterShare
