मंडी-पंडोह के समीप डियोड टनल नंबर-9 में रविवार देर रात तेज रफ्तार Honda City कार अनियंत्रित होकर टनल की रेलिंग से जा टकराई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को रात करीब 2:05 बजे एनएचएआई कंट्रोल रूम थलौट से पुलिस चौकी पंडोह को टनल में सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर सफेद रंग की Honda City कार नंबर HP-68B-0330 क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। कार टनल के भीतर अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराई। हादसे में चालक दीपक शर्मा (40), निवासी घुघर, पालमपुर के अलावा मोहन सिंह, सनी और संजय शर्मा घायल हुए हैं। चारों का उपचार जोनल अस्पताल मंडी में चल रहा है।
पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान और उपचार संबंधी जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तथ्यों और मौके की परिस्थितियों के आधार पर चालक दीपक शर्मा के खिलाफ थाना सदर मंडी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
