Oplus_16908288
मंडी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बल्ह दौरे के बाद भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने प्रदेश सरकार और पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी पर तीखा हमला बोला। गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री को राजनीतिक तंज कसने के बजाय बल्ह और प्रदेश के विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 32 दांतों को लेकर की गई टिप्पणी का जवाब जनता विकास के आंकड़ों और धरातल पर हुए कार्यों से देगी।इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री के बल्ह दौरे के दौरान जिन कई विकास कार्यों और संस्थानों का उद्घाटन अथवा उल्लेख किया गया, उनमें से अनेक कार्य पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में स्वीकृत अथवा शुरू किए गए थे। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने ऐसे कई संस्थानों और योजनाओं को डीनोटिफाई किया और अब उन्हीं कार्यों को दोबारा शुरू करने या उद्घाटन करने की स्थिति पैदा हुई है।उन्होंने कहा कि नेरचौक में बिजली विभाग का डिवीजन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार ने दिया था। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इसे डीनोटिफाई किया और अब दोबारा इसके उद्घाटन की बात की जा रही है। इसी तरह जल शक्ति विभाग के डिवीजन, अपर बल्ह की आईटीआई, डीएसपी कार्यालय सहित कई संस्थानों को लेकर पूर्व सरकार के समय लिए गए निर्णयों का उन्होंने उल्लेख किया।
गांधी ने सवाल किया कि जब इन संस्थानों को डीनोटिफाई किया जा रहा था, तब प्रकाश चौधरी कहां थे। उस समय उन्होंने सरकार से सवाल क्यों नहीं किया। अब जब इन्हीं विकास कार्यों का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश हो रही है तो वे बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं।
*मेडिकल यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर प्रकाश चौधरी क्यों रहे चुप*
भाजपा विधायक ने कहा कि अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक में स्थित है और यहां विश्वविद्यालय से संबंधित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से मेडिकल यूनिवर्सिटी को सरकाघाट ले जाने की कोई योजना अथवा प्रस्ताव सामने आया है तो प्रकाश चौधरी बताएं कि उन्होंने मुख्यमंत्री के बल्ह दौरे के मंच से इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर एक शब्द भी क्यों नहीं बोला। उन्होंने कहा कि मैंने समय-समय पर इस मुद्दे को उठाया है, विधानसभा में भी उठाया और मैं यह भी कहता हूं कि इसके लिए चाहे मुझे कोर्ट जाना पड़े, चाहे मुझे कुछ भी करना पड़े।विधायक ने कहा मैं मेडिकल यूनिवर्सिटी नेरचौक से किसी भी सूरत में यहां से नहीं जाने दूंगा।गांधी ने कहा कि प्रकाश चौधरी बल्ह के विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जब क्षेत्र के महत्वपूर्ण संस्थानों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने का समय आता है तो वे चुप हो जाते हैं। उन्होंने कहा, “प्रकाश चौधरी बताएं कि मेडिकल यूनिवर्सिटी को लेकर उनकी स्पष्ट राय क्या है। वे नेरचौक में विश्वविद्यालय को मजबूत करने के पक्ष में हैं या इसे सरकाघाट ले जाने की बात का समर्थन करते हैं।
उन्होंने कहा कि बल्ह की जनता को इस सवाल का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।

जयराम ठाकुर के कद पर टिप्पणी करने से पहले प्रकाश इतिहास देख लें : गांधी
इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि प्रकाश चौधरी को पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के राजनीतिक कद पर टिप्पणी करने से पहले मंडी और हिमाचल के राजनीतिक इतिहास को देखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2017 में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में मंडी जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत हुई थी। उन्होंने कहा कि 2022 में भी जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा ने मंडी जिले में मजबूत राजनीतिक आधार बनाए रखा और बल्ह विधानसभा क्षेत्र में उनके मुख्यमंत्री रहते अनेक विकास कार्य आगे बढ़े।गांधी ने कहा कि “प्रकाश चौधरी को यह समझना चाहिए कि जयराम ठाकुर केवल मंडी के नेता नहीं हैं। वे हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण जनाधार रखने वाले नेता हैं। उनके राजनीतिक कद को कम करके आंकने से हकीकत नहीं बदलती।
उन्होंने कहा कि जनता अपने नेताओं के अपमान को लेकर स्वयं प्रतिक्रिया देती है और आने वाले समय में प्रकाश चौधरी को भी इसका राजनीतिक जवाब जनता से मिलेगा।
विधायक को कार्यक्रमों से दूर रखना लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप नहीं

उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का बहिष्कार किया।
गांधी ने कहा कि अपर बल्ह की पेयजल योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में हुआ था। इन योजनाओं से क्षेत्र की बड़ी आबादी और करीब 25 पंचायतों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि सरकार को इन योजनाओं की वर्तमान स्थिति जनता के सामने रखनी चाहिए।
राजनीतिक रोटियां सेंकने के बजाय लंबित विकास कार्यों पर बोलें प्रकाश चौधरी
भाजपा विधायक ने कहा कि बल्ह में सड़क, पेयजल, आईटीआई, स्वास्थ्य, संस्थानों और अन्य विकास कार्यों से जुड़े कई विषय आज भी जनता के सामने हैं। ऐसे में केवल राजनीतिक बयानबाजी से विकास नहीं होगा।
उन्होंने कहा, “प्रकाश चौधरी को राजनीतिक रोटियां सेंकने के बजाय यह बताना चाहिए कि बल्ह के लंबित विकास कार्य कब पूरे होंगे। वे सरकार के मंच से बड़े-बड़े दावे करने के बजाय जनता के इन सवालों का जवाब दें।
गांधी ने कहा कि बल्ह की जनता विकास चाहती है और भाजपा लगातार क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।
