छोटी काशी मंडी में अब हिंदू नववर्ष की शुरूआत सामूहिक कार्यक्रम के साथ की जा रही है। गत दो वर्षों से धर्म संघ श्री भूतनाथ मंदिर मंडी द्वारा इसे छोटे स्तर पर आयोजित किया जा रहा था लेकिन इस वर्ष इसे बड़े स्तर पर आयोजित किया गया है।हवन यज्ञ में आहुति डालते भाजपा व कांग्रेस के नेताओं सहित विभिन्न जाति-धर्मों के लोग शहर के सेरी मंच पर इस उपलक्ष पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया जिसमें सबसे पहले हवन यज्ञ किया गया और उपरांत इसके पूर्णाहुति डाली गई। जिसमें सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, एपीएमएसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया और कांग्रेस नेत्री चंपा ठाकुर सहित विभिन्न जाति-धर्मों के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने सभी को हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए साल में नए विचारों के साथ नए कार्य किए जाएंगे। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए धर्म संघ श्री भूतनाथ मंदिर मंडी के सभी आयोजकों को बधाई भी दी।इस मौके पर धर्म संघ श्री भूतनाथ मंदिर मंडी के अध्यक्ष बीसी सरोच और संयोजक नीरज हांडा ने कहा कि पहले यह आयोजन लोग सिर्फ अपने घरों में ही मनाते थे। लेकिन गत दो वर्षों से इसे सार्वजनिक तौर पर मनाने की शुरूआत हुई है और भविष्य में इस आयोजन को उत्तर भारत में एक मिसाल की तरफ पेश किया जाएगा। इन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति के बारे में तभी पता चल पाएगा जब वे इस तरह के आयोजनों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।इस मौके पर स्कूली बच्चों, स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने अपनी प्राचीन समृद्ध संस्कृति की झलक को दर्शाते हुए कई कार्यक्रम भी पेश किए। समारोह में नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट सहित पार्षद और राजनीतिक दलों के नेताओं सहित विभिन्न संगठनों से आए हुए लोग भी मौजूद रहे।
