- मंडी: शहर के रामनगर वार्ड में स्थित विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. ये आग मार्ट की चौथी मंजिल पर स्थित सर्वो कंट्रोल पैनल में लगी थी, जिस पर समय रहते काबू पा लिया गया.
सुबह करीब 10 बजे जैसे ही विशाल मेगा मार्ट की बिजली गुल हुई तो सुरक्षा कर्मी योगराज चौथी मंजिल पर लगे कंट्रोल सर्वो पैनल की जांच करने के लिए गया. सुरक्षा कर्मी योगराज ने वहां पूरे पैनल से आग की लपटें उठती देखी. इसके बाद योगराज ने तुरंत इसकी सूचना मार्ट के प्रभारी को दी. उन्होंने अपने पास मौजूदा संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने के पांच मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई को अम्ल में लाते हुए आग पर काबू पा लिया और इससे बड़ा हादसा होने से टल गया.
चार से पांच लाख रुपये के नुकसान का आकलन
बताया जा रहा है कि कंट्रोल सर्वो पैनल पूरी तरह से जल गया है, जिसकी कीमत 4 से 5 लाख रूपए आंकी जा रही है. इससे पूरे मार्ट की बिजली कंट्रोल की जाती है. सब फायर ऑफिसर मुनीश कुमार ने बताया कि दमकल की टीम ने तुंरत कार्रवाई करते हुए आग को ज्यादा नहीं भड़की और इस पर समय रहते काबू पा लिया गया.
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि यह घटना सुबह के समय घटी, क्योंकि सुबह के समय यहां लोगों का आना-जाना कम ही रहता है. दोपहर के बाद या फिर शाम के समय यहां काफी संख्या में लोग खरीददारी करने आते हैं. शहर के बीचों बीच स्थित इस बड़ी बिल्डिंग में यदि आग भड़क जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. वहीं, पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
