मंडी-हमारे क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे निवासियों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। यह मुद्दा विभिन्न समाचार माध्यमों में भी उठाया गया है। विशेष रूप से बंदरों की बढ़ती संख्या और उनका आक्रामक व्यवहार चिंता का विषय है, जिससे बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। वे अकेले बाहर जाने में असहज महसूस करते हैं।नशीले पदार्थों के सेवन, तस्करी और साइबर अपराधों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि इन समस्याओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। पुनर्वास और नशामुक्ति केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए और उनके संचालन में सुधार किया जाए।पैदल/ राहगीरों की सुरक्षा एवं सुविधा हेतु विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले बाजारों और सड़कों पर दोपहिया, तिपहिया तथा अन्य वाहनों की तेज गति और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए। ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर रुकना अनिवार्य किया जाए और जो दोपहिया वाहन दोनों तरफ की सड़कों पर नियम तोड़ते हैं, उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। अन्यथा किसी दिन कोई भी विशेष तौर से बच्चे या वरिष्ठ नागरिक किसी भी दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं!सभी संवेदनशील स्थानों, विशेष रूप से ज़ेब्रा क्रॉसिंग के निकट, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए तथा उनका उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूती मिले। विजय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की पुनर्निर्मित लकड़ी की इमारत में स्थित अनुपयोगी पड़ी मंजिल तथा कमरों का उपयोग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों व आर्ट गैलरी तथा म्यूजियम के लिए किया जाए। इस भवन के कुछ कमरे व मंजिल लगभग तीन वर्षों से अनुपयोगी पड़े हैं, जबकि जिला पुस्तकालय में पाठकों की बढ़ती संख्या के कारण भीड़ हो रही है।पानी बिलों में हो रही देरी की समस्या पर कृपया ध्यान दिया जाए। हमारा सुझाव है कि संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाए कि लंबित बिलों का आवंटन अति शीघ्र किया जाए तथा भुगतान तीन या चार किश्तों में करने की सुविधा दी जाए।नेरचौक मेडिकल कॉलेज, मंडी में अंग प्रत्यारोपण सुविधा एवं संग्रहण केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को शीघ्र लागू किया जाए, जैसा कि कार्यालय पत्र संख्या HFW SLBSGMC\&H/Misc/Organg/2024 दिनांक 03/01/2024 में उल्लेखित है।वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद को भवन बनाने के लिए कृपया भूमि पट्टे पर आवंटित की जाए। जब तक यह संभव न हो, तब तक हमारे क्रियाकलापों के संचालन हेतु हॉल/कक्ष निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएं। इस संबंध में, सरकाघाट में दी गई सुविधा के लिए भी आभार जताया।
