मंडी : हिमाचल पथ परिवहन पैंशनर कल्याण संगठन ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेज दिया है। इनका कहना है कि संगठन पिछले तीन वर्षों से सरकार के समक्ष अपनी समस्यायों के समाधान हेतु हर स्तर पर प्रबंधन व सरकार को ज्ञापन सौंपता रहा है। संगठन के मंडी इकाई के महामंत्री रोशन कटोच और अध्यक्ष अनूप कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री से संगठन के पदाधिकारियों ने समय समय पर HRTC के पैंशनरों से हो रहे भेदभाव व सौतेले व्यवहार की जानकारी भी दी गई लेकिन हर बार कोरे आश्वासन के सिवा कुछ भी नहीं हुआ। इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री से 7 मई 2025 को संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत के दौरान हर माह की 15 तारीख से पहले पैंशन भुगतान का आश्वासन भी खोखला निकला। यही नहीं परिवहन मंत्री व उपमुख्यमंत्री भी HRTC को हिमाचल की जीवन रेखा कहते रहे हैं और HRTC के स्वर्ण जयंती समारोह में कर्मचारियों के पिछले 50 वर्षों में दी गई सेवाओं का गुणगान करते हुए कर्मचारियों व पैंशनरों की लम्बित देनदारियो को पुरा करने की घोषणाएं भी मुख्यमंत्री से करवाई परन्तु एक भी समस्यायों का पूर्ण समाधान आज दिन तक नहीं किया गया। 21 मई 2025 को संगठन से हुई बैठक में परिवहन मंत्री ने इन सभी समस्यायों के समाधान हेतु आश्वासन से यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि घोषणाएं मुख्यमंत्री ने की है, जब वित विभाग से पैसा आएगा को भुगतान कर दिया जाएगा। सरकार व प्रबंधन को लगभग पिछले तीन साल से बार बार लम्बित समस्यायों के समाधान हेतु ज्ञापन दिए गए परन्तु कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकले।
आज मण्डी इकाई ने राज्य कार्यकारिणी के निर्णयानुसार उपायुक्त मंडी के माध्यम से ज्ञापन सौंप कर राज्यपाल से HRTC पैंशनरों की समस्यायों के समाधान हेतु राज्य सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया गया।
