मंदिर जा रहे लोग खड्ड में बहे, एक का शव बरामद
मंडी, 16 सितंबर (निस) :मंडी जिला में गत रात को हुई भारी बारिश से जहां पूरे जिला में अनेक घटनाएं हुई हैं वहीं द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पंचायत शिवाबदार की सुमा खड्ड में दो व्यक्ति तेज बहाव में बह गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति मंदिर जा रहे थे और तभी खड्ड में लकड़ी का पुल पार करते समय दोनों अचानक खड्ड में बह गए। खड्ड से थोड़ी दूरी पर प्रेम नाम के व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है और मनोहर की तलाश जारी है। लापता मनोहर का बेटा भारतीय सेना में कार्यरत है वहीं मृतक प्रेम के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और वे अपने पीछे अपनी माता,पत्नी और दो बेटे छोड़ गए हैं। उनका एक बेटा भी भारतीय सेना में कार्यरत है। विधायक पूर्ण ठाकुर ने इस हादसे पर दुःख व्यक्त किया है। वहीं पुलिस मौके पर पहुंचकर तथ्यों की जांच पड़ताल कर रही है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
