मंडी-बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी के खिलाफ विश्वकर्मी विकास सभा ने मोर्चा खोल दिया है। सभा ने विधायक इंद्र सिंह के विधानसभा में दिए गए बत्तीस दांत और चालीस गोलियों वाले बयान को गैरजिम्मदाराना और हास्यास्पद करार देते हुए आने वाले विधानसभा चुनावों में विरोध करने का ऐलान किया है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए हिमाचल विश्वकर्मी विकास सभा बल्ह के अध्यक्ष महंत राम भारद्वाज ने कहा कि इंद्र सिंह गांधी को भाजपा ने टिकट दिया तो विश्वकर्मी समाज ने उनका साथ देकर दो बार उन्हें विधानसभा में भेजा है। मगर वे अपने गैरजिम्मेदाराना व्यवहार के चलते बल्ह विधानसभा क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। यही नहीं अपनी जुमलेबाजी और गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी की वजह से लोगों में हंसी और उपहास का पात्र बने हुए हैं। जिसके चलते लोग पूछ रहे हैं कि हमने विधायक को जुमलेबाजी और मजाक करने के लिए विधानसभा में भेजा है या उन्हें लोगों की समस्याओं को उठाना चाहिए। महंत राम भारद्वाज ने कहा कि विधायक इंद्र सिंह गांधी ने विधानसभा में कहा कि उनके बत्तीस दांत हैं, और उनके पास चालीस गोलियां है। यह अपने आपमें हास्यास्पद बयान है, जिससे विश्वकर्मी समाज को शर्मिंदा होना पड़ा है, कि ऐसे व्यक्ति को विधायक बनाकर भेजा है। उन्होंने कहा कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कई तरह की समस्याएं हैं जिनका समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बल्ह क्षेत्र कृषि प्रधान इलाका हाेने की वजह से किसानों की समस्याओं का समाधान विधायक द्वारा नहीं किया जा रहा है। बल्ह में सुकेती खड्ड के तटीकरण का मुद्दा कई सालों से उठाया जा रहा है, किसानों को बेसहारा पशुओं की वजह से भारी नुक्सान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भले ही इंद्र सिंह गांधी को टिकट दिया हो लेकिन विश्वकर्मी समाज ने बल्ह के लोगों के साथ मिलकर उनका समर्थन किया। उनकी बयानबाजी की वजह से पूरे प्रदेश में बल्ह के लोगों का मजाक उड़ाया जा रहा है। राजनीति में भाषा की मर्यादा का ख्याल रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मी विकास सभा ने निर्णय लिया है कि इंद्र सिंह गांधी राजनीित करने के काबिल नहीं है। अगर भविष्य में भारतीय जनता पार्टी उन्हें टिकट देती है तो विश्वकर्मी विकास सभा उनका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मी समाज में बहुत से लोग पढ़े लिखे और बड़े-बड़े औहदों से सेवानिवृत हुए हैं, विकल्प के रूप में उन्हें चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में जुमले और मजाक और नहीं चलेगा। इस बारे भाजपा हाई कमान को भी आगाह किया जाएगा, इंद्र सिंह गांधी को अब और नहीं ढोया जाएगा। इस दौरान विश्वकर्मी के अनेक पदाधिकारी व सदस्य भी मौजूद रहे।
