Oplus_16908288
मंडी : मंडी में आयोजित होने वाली दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी और कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला और स्पष्ट किया कि भाजपा का एकमात्र संकल्प हिमाचल प्रदेश से इस सरकार को उखाड़ फेंकना है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी में हो रही यह महत्वपूर्ण बैठक आगामी रणनीति की दृष्टि से निर्णायक सिद्ध होगी और आने वाले दिनों में प्रदेश में निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि विधानसभा के भीतर और बाहर भाजपा ने जो जनहित के मुद्दे उठाए हैं, वे कांग्रेस के पतन के लिए पर्याप्त हैं और भविष्य में कांग्रेस की ऐसी दुर्दशा होगी जो प्रदेश के इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है और भाजपा इन तमाम विफलताओं व गलत नीतियों को जनता की अदालत में ले जाकर सरकार को बेनकाब किया। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने विशेष रूप से अपने विधानसभा क्षेत्र में नाबार्ड के माध्यम से 27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देश के पहले बगलामुखी मंदिर रोपवे प्रोजेक्ट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आपदा के कारण क्षेत्र के पुल बह जाने से लोगों के पास आवाजाही का एकमात्र साधन यही रोपवे बचा था, लेकिन सरकार ने इसके दाम बढ़ाकर और स्थानीय लोगों को मिलने वाली रियायती सुविधाओं को बंद करके आम जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। जयराम ठाकुर ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस रोपवे के बढ़े हुए दामों और स्थानीय लोगों की समस्याओं के विषय में वे शीघ्र ही सरकार के समक्ष बात उठाएंगे ताकि संकट की इस घड़ी में लोगों को आर्थिक राहत मिल सके। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और भाजपा का हर कार्यकर्ता एकजुट होकर जनविरोधी शासन के अंत के लिए कार्य करेगा।
