मंडी-पुलिस थाना बल्ह के अंतर्गत सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 मई की रात कार (नंबर एचपी 82-8322) नेरचौक से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में अनिल कुमार (28) निवासी पलाही, रोहित कुमार (26) निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार (35) निवासी पलाही की प्राथमिक उपचार के दौरान ही मौत हो गई।वहीं, हादसे में घायल हरिश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बाक्स
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।घटना की पुष्टि विनोद कुमार एसपी मंडी ने की है।
