Oplus_16908288
मंडी। कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं बिलासपुर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने मंडी में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह “शिक्षा मंत्री नहीं, नीट पेपर लीक के प्रधान हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में बार-बार नीट परीक्षा के पेपर लीक हुए हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है।
बंबर ठाकुर ने कहा कि 2016, 2017, 2021, 2024 और 2026 में नीट परीक्षा से जुड़े पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उनका कहना था कि एक बार गलती हो सकती है, लेकिन बार-बार पेपर लीक होना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए परीक्षाओं की गोपनीयता से खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों से देशभर के विद्यार्थी मानसिक तनाव झेल रहे हैं और कई युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। कांग्रेस पार्टी के निर्देश पर वह मंडी जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, पंचायतों, स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों की राय जानेंगे और उनकी समस्याओं को सामने लाएंगे।बंबर ठाकुर ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इतने गंभीर मुद्दे पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने मांग की कि धर्मेंद्र प्रधान की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें तत्काल शिक्षा मंत्री के पद से बाहर किया जाय व गिरफ्तार किया जाए। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर,राज्य महासचिव देविंद्र जग्गी, एसटी/एसेसी अध्यक्ष लाल सिंह कौशल सहित कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
