Oplus_16908288
जालमा नाले में BRO की L&T मशीन बनी संजीवनी, ऐसे बचाई गंभीर मरीज की जान
मंडी-जनजातीय क्षेत्र लाहुल स्पीति में नदी-नालों का रौद्र रूप लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बुधवार शाम जाहलमा नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इस मुश्किल घड़ी में सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवान और उनकी एलएनटी (L&T) मशीन बीमार महिला के लिए जीवनरक्षक साबित हुई।
उफनते नाले के बीच ऐसे बची जान
बुधवार शाम को जब जाहलमा नाले का पानी अचानक बढ़ गया, तो सुरक्षा के मद्देनजर बीआरओ (BRO) ने अस्थायी सड़क में डाले गए आरसीसी (RCC) पाइप और पैदल आवाजाही के लिए लगाए गए लोहे के गार्डर को हटा दिया था। इसके चलते नाले को पार करना पूरी तरह से असंभव हो गया।इसी बीच एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी सामने आई। मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए बीआरओ के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए अपनी एलएनटी मशीन की मदद ली। जवानों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बीमार महिला को मशीन के बकेट (बाल्टी) में सावधानीपूर्वक बिठाया और उफनते नाले को सुरक्षित पार कराया। नाले के दूसरी ओर पहले से ही एक एंबुलेंस तैयार खड़ी थी। जिसमें शिफ्ट कर मरीज को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रवाना कर दिया गया।
