मंडी-देवभूमि ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर एसोसिएशन का प्रदेश स्तरीय जनरल हाउस एवं चुनाव कार्यक्रम संस्कृति सदन जिला मण्डी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के 12 जिलों में से 9 जिलों के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कुछ पद सर्वसम्मति से तथा कुछ पद निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से भरे गए। चुनाव प्रक्रिया जिला शिमला से चुनाव प्राधिकारी रजीतेन्द्र ठाकुर एवं उनकी टीम की देखरेख में निष्पक्ष रूप से संपन्न करवाई गई।
नई प्रदेश कार्यकारिणी में अजय ठाकुर (शिमला) को प्रदेश अध्यक्ष, चंद्रकात धीमान (कांगड़ा) को उपाध्यक्ष, महेंद्र गुलेरिया (मंडी) को महासचिव, चमन ठाकुर (शिमला) को उप-सचिव तथा अजीत कुमार (शिमला) को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। मिडिया प्रभारी की समस्त जिम्मेवारी सागर को दी गयी।
चुनाव के बाद नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें नव निर्वाचित अध्यक्ष अजय ठाकुर ने प्रदेशभर के टैक्सी ऑपरेटरों के साथ ऑपरेटरों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। नई कार्यकारिणी ने आश्वासन दिया कि ऑपरेटरों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन शीघ्र ही प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर सरकार और संबंधित विभागों के साथ चर्चा कर समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष अजय ठाकुर ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक टैक्सी ऑपरेटर के हितों की आवाज को मजबूती से उठाना है। संगठन किसी भी ऑपरेटर को अकेला नहीं छोड़ेगा और उसकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।
उन्होंने ऑपरेटरों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि ऑपरेटरों को भ्रमित अथवा गुमराह करने वाली गतिविधियों को बंद किया जाना चाहिए और भविष्य में ऐसी गतिविधियां सामने आने पर संगठन आवश्यक संज्ञान लेगा।
कार्यक्रम के दौरान पूरी चुनाव प्रक्रिया एवं बैठक शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक के अंत में सभी ऑपरेटरों के लिए धाम का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे ऑपरेटरों ने आपसी प्रेम एवं भाईचारे के साथ धाम का आनंद लिया और कार्यक्रम के समापन के बाद सभी ऑपरेटर अपने-अपने जिलों के लिए रवाना हो गए।
