oplus_140509186
मंडी-वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की सदर लोकल कमेटी ने मंगलवार को मंडी के सेरी चांदनी में धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन देश की वामपंथी पार्टियों के आह्वान पर 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे राष्ट्रव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकरण और राज्य तथा निर्वाचन क्षेत्र स्तर के अधिकारियों की पहुंच को सीमित करने से चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। पार्टी ने गोवा में सॉफ्टवेयर संबंधी कथित पाबंदियों का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे अधिकारियों के निर्णय लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
माकपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, SIR प्रक्रिया रोकने और गलत तरीके से मतदाता सूची से बाहर किए गए लोगों के मतदान अधिकार बहाल करने की मांग की। साथ ही चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने तथा चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव की मांग उठाई।
प्रदर्शन में माकपा लोकल सचिव सुरेश सरवाल, जोगिंदर वालिया, राजेश शर्मा, विना वैद्य, रमेश गुलरिया, प्रवीण कुमार, गोपेंद्र कुमार, रीना अंकुर, पोविन्दर और रेहाना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
