तहसीलदार कुल्लू के साथ हुए अभद्र व्यवहार की गुर्जर कल्याण परिषद ने की निंदा
घटना की निष्पक्ष जांच करने की उठाई मांग
बंजार के विधायक की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
दशहरा उत्सव के दौरान गत दिनों कुल्लू के तहसीलदार हरि सिंह यादव के साथ कुछ तथाकथित गुंडों द्वारा देव आस्था के नाम पर सरेआम की गई गुंडागर्दी की घटना की हिमाचल राज्य गुर्जर कल्याण परिषद ने कड़ी निंदा की है। परिषद ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की प्रदेश सरकार से मांग की है। इस संदर्भ में परिषद की एक बैठक नेर चौक में परिषद के जिला अध्यक्ष तिलक राज राव की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें परिषद के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यादव भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। बैठक के दौरान परिषद के सदस्यों ने देव आस्था के नाम पर कुल्लू दशहरा में ड्यूटी टाइम पर तहसीलदार के साथ की गई इस गुंडागर्दी को एक सोची समझी साजिश करार दिया । बैठक में मौजूद गुर्जर समाज के लोगों ने कहा कि देव आस्था के नाम पर जिन भी लोगों ने इस कृत्य को अंजाम दिया उन्होंने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी।

परिषद ने इस मामले में जो एफ आई आर दर्ज की गई है उसमें ना मात्र की धाराएं लगाकर इसे कमजोर करने का भी आरोप जड़ा है। साथ ही परिषद ने मामले की निष्पक्ष जांच कर इसमें सख्त धाराएं लगाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा परिषद ने विधायक सुरेंद्र सॉरी के द्वारा दिए गए भड़काऊ बयान पर भी ऐतराज जाहिर किया है। परिषद ने एक प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री को भेज कर सरकार व प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विधायक की इसमें क्या मनसा रही है उसकी भी जांच करने की मांग उठाई है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा नहीं दिलाई गई तो परिषद आने वाले समय में आंदोलन करने पर बाध्य होगी जिसकी जिम्मेदार प्रदेश सरकार व प्रशासन होगा। इस अवसर पर परिषद की जिलाध्यक्ष तिलक राज ने कहा कि इस मामले को राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समक्ष भी उठाया जाएगा। इस अवसर पर परिषद के जिला महासचिव नागेश कुमार,बल्ह खंड के प्रधान मस्त राम राव, सुंदर नगर खंड के प्रधान लालमन,जिला कोषाध्यक्ष नरेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष हेमराज, जिला कार्यकारिणी सदस्य जीवनलाल, बुद्धि सिंह, कमल किशोर, प्रकाश यादव, परसराम, ज्ञानचंद, जितेंद्र कुमार,कृष्ण लाल, ज्ञान सिंह, लाल सिंह, हंसराज रंगीला राम, विकास यादव व गुलाब सिंह सहित परिषद के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
